Heavy Rainfall Alert: अगले 48 घंटे में 10 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

punjabkesari.in Saturday, Sep 28, 2024 - 02:41 PM (IST)

नेशनल डेस्क: इस साल मानसून की विदाई का समय नजदीक आ रहा है, लेकिन जाते-जाते भी यह जोरदार असर दिखा रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण कई राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। यह सितंबर का चौथा चक्रवाती सिस्टम है, जिसने मौसम में हलचल मचा रखी है। इस कारण मानसून की विदाई अब अक्टूबर के पहले हफ्ते में होगी। अगले एक हफ्ते तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

IMD ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने अगले 12 घंटों में एक चक्रवाती तूफान के सक्रिय होने की संभावना जताई है, जिससे आज रात तक 7 राज्यों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 9 राज्यों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं कि आज देश के प्रमुख इलाकों में मौसम कैसा रहने वाला है।
PunjabKesari
दिल्ली मौसम अपडेट
दिल्ली में आज सुबह तेज हवाओं के साथ काले बादल छाए रहे। हालांकि, भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने की संभावना है। दिल्ली में 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है।

महाराष्ट्र में यलो और रेड अलर्ट
महाराष्ट्र में भी भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट और ठाणे और रायगढ़ के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। पालघर और नासिक में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। बीते बुधवार और गुरुवार को हुई बारिश के कारण मुंबई में जनजीवन प्रभावित हुआ था, स्कूल-कॉलेज बंद करने पड़े थे और ट्रेनों और उड़ानों के रूट बदलने पड़े थे।
PunjabKesari
10 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
अगले 48 घंटों के दौरान गुजरात, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और झारखंड में भी भारी बारिश का अनुमान है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, तटीय कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, केरल और लक्षद्वीप में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News