Heavy Rain Alert: इस राज्य में भारी बारिश ने मचाई तबाही, भूस्खलन से 13 लोगों की मौत, कई पर्यटन स्थल बंद, प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

punjabkesari.in Sunday, Oct 05, 2025 - 06:52 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में शनिवार रात हुई भारी बारिश और भूस्खलन ने तबाही मचा दी। अब तक इस प्राकृतिक आपदा में 13 लोगों की मौत हो चुकी है। भूस्खलन और बारिश के कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे यातायात बाधित हो गया है।

मिरिक और सुखिया में सबसे ज्यादा नुकसान
अधिकारियों के अनुसार, मिरिक में एक लोहे का पुल गिरने से 9 लोगों की मौत हुई, जबकि सुखिया इलाके में अलग-अलग भूस्खलन की घटनाओं में 4 लोगों की जान गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कुर्सियांग) अभिषेक रॉय ने बताया कि मिरिक में अब तक 5 शव बरामद किए गए हैं, जबकि दिन में दो शव पहले ही मिल चुके थे। सुखिया में चार और लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

बचाव कार्य में कठिनाइयां
बुरे मौसम के कारण बचाव कार्य बहुत मुश्किल हो गया है। रोहिणी और दिलाराम मार्ग पूरी तरह बंद हैं। प्रशासन मिरिक में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल, दार्जिलिंग के सभी पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया गया है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और आसपास के इलाकों में फंसे पर्यटकों को अपने होटलों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
पश्चिम बंगाल पुलिस ने फंसे हुए पर्यटकों और जरूरतमंदों की मदद के लिए +91 91478 89078 पर हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में पुलिस ने कहा कि सड़कें साफ करने का काम जारी है और जल्द यातायात बहाल होने की उम्मीद है।

नदियों और रेलवे पर असर
तीस्ता नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है और राष्ट्रीय राजमार्ग-10 बह जाने के कारण सिक्किम और कलिम्पोंग से संपर्क टूट गया है। दार्जिलिंग शहर से भी संपर्क मुश्किल हो गया है। बारिश के कारण उत्तर बंगाल में कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और कई ट्रेनों में देरी हो रही है।

मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अनुमान जताया है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है। कोलकाता के अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने पहले ही चेतावनी दी थी कि शनिवार रात से बारिश शुरू होगी, और रविवार सुबह तक लगातार हुई बारिश ने पहाड़ी इलाकों में तबाही मचा दी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News