इस राज्य में अगले 5 दिन होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने किया अलर्ट

punjabkesari.in Saturday, Jun 01, 2024 - 06:46 PM (IST)

नेशनल डेस्क : केरल में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुका मानसून अब कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु को भिगोने के लिए तैयार है तथा मौसम विभाग ने शनिवार से अगले पांच दिन के लिए भारी बारिश का अनुमान जताया है, जिससे लोगों को एक ओर जहां चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी वहीं, शहर में बाढ़ का खतरा भी मंडराने लगा है। मौसम विभाग ने मानसून के आगमन में तेजी का श्रेय अरब सागर के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में देखी गई सतही उथल-पुथल को दिया है। यह मौसम संबंधी ऐसी घटना है, जो मानसून के आगे बढ़ने का कारण बनती है।

मौसम विभाग ने दक्षिण कन्नड़, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और तटीय क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसमें निवासियों को भारी बारिश और बिजली गिरने के साथ आंधी आने की आशंका के बारे में आगाह किया गया है। इस साल मानसून पिछले वर्ष के निर्धारित समय से 15 दिन पहले आ गया है। मानसून के समय से पहले आने के कारण अधिकारियों ने चेतावनी जारी की है और निवासियों को आगामी मौसमी दिक्कतों के लिए तैयार रहने की सलाह दी है। अप्रत्याशित बारिश ने भले ही बेंगलुरु में सप्ताहांत की योजनाओं पर पानी फेर दिया है, लेकिन इससे लोगों को भीषण गर्मी से बहुत राहत मिली है।

शेषाद्रिपुरम, शिवानंद सकर्ल, विजयनगर और शिवाजीनगर सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे राहगीरों और वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है। जलभराव वाली सड़कों पर चलना राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुश्किल हो गया है। यह बारिश किसानों और जलाशयों के लिए एक उम्मीद की किरण लेकर आयी है। मौसम विभाग ने भरपूर बारिश का अनुमान लगाया है, जो कृषि गतिविधियों और क्षेत्र में जल स्रोतों को फिर से भरने के लिए आवश्यक है। मौसम विभाग ने बेंगलुरु में अप्रत्याशित बारिश के अनुमान के कारण निवासियों से सावधानी बरतने और बदलते मौसम की स्थिति को अपनाने का आग्रह किया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News