Heavy Rain Alert: अगले 24 घंटे में होगी झमाझम बारिश, IMD ने इन 26 जिलों में जारी किया हाई अलर्ट
punjabkesari.in Thursday, Sep 18, 2025 - 01:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश से मानसून की विदाई का समय आ गया है, लेकिन जाते-जाते यह अपनी पूरी ताकत दिखा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज, 18 सितंबर 2025 को, महाराष्ट्र के 26 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें कोंकण क्षेत्र भी शामिल है। वहीं, मुंबई, ठाणे और पालघर में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
IMD के अनुसार, कोंकण क्षेत्र में रायगढ़, रत्नागिरि और सिंधुदुर्ग में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, पश्चिमी महाराष्ट्र के सभी जिलों- कोल्हापुर, पुणे, सतारा, सांगली और सोलापुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें कोल्हापुर में विशेष रूप से तेज बारिश की संभावना है।
उत्तर महाराष्ट्र: नासिक और अहमदनगर में भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि धुले, नंदुरबार और जलगांव में मध्यम बारिश हो सकती है।
मराठवाड़ा और विदर्भ: मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर, बीड, धाराशिव, लातूर और नांदेड़ में भी येलो अलर्ट है। विदर्भ के सभी 11 जिलों में गरज-चमक और तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।
मुंबई का मौसम
मुंबई में आज भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। शहर में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा और हवा में नमी ज्यादा होने के कारण उमस महसूस हो सकती है। ठाणे और पालघर में भी यही स्थिति बनी रहेगी। हालांकि बारिश से यातायात पर हल्का असर पड़ सकता है, लेकिन बड़े जलजमाव की आशंका कम है।
अगले कुछ दिनों का अनुमान
IMD ने अगले 2-3 दिनों तक महाराष्ट्र में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। कोंकण और घाट क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, इसलिए लोगों को बेवजह यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। हालांकि, 19-20 सितंबर के बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने की उम्मीद है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में भी मानसून की विदाई की तैयारी है। स्काइमेट के अनुसार, यहां 18 सितंबर की रात और 19 सितंबर की सुबह हल्की बारिश हो सकती है, जिसके बाद 20-21 सितंबर तक मानसून पूरी तरह से विदा हो सकता है।