Heavy Rain Alert: देशभर में मानसून का कहर जारी: 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल
punjabkesari.in Sunday, Jul 06, 2025 - 08:40 AM (IST)

नेशनल डेस्क। मानसून का प्रभाव देशभर में ज़ोरों पर है। पहाड़ी राज्यों विशेषकर हिमाचल प्रदेश में मानसून आफत बनकर आया है। वहीं मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि रविवार और सोमवार (आज और कल, 6 और 7 जुलाई) को उत्तर भारत में भारी बारिश हो सकती है। देश की राजधानी दिल्ली में भी बरसात का दौर शुरू होने वाला है।
दिल्ली में आज गरज-चमक के साथ बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में दोपहर, शाम और रात के समय गरज-चमक के साथ बरसात हो सकती है। बरसात के साथ-साथ दिल्ली में तेज हवाएँ चल सकती हैं और बिजली गिरने की घटनाएँ भी हो सकती हैं। आज दिन भर हल्की से मध्यम बरसात के साथ आँधी-तूफान और बिजली कड़कने का अनुमान है। कल (7 जुलाई) आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रह सकते हैं और मध्यम बारिश हो सकती है। दिल्ली में बारिश का यह सिलसिला 11 जुलाई तक जारी रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में आज 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में आज पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में अनेक जगहों पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। आज यूपी के 29 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार कल (7 जुलाई) से 10 जुलाई तक प्रदेश में अनेक जगहों पर बारिश हो सकती है और कहीं-कहीं पर भारी बारिश देखने को मिल सकती है। 11 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर बरसात होने की संभावना है।
बिहार में कैमूर और रोहतास में भारी बारिश की आशंका
बिहार के मौसम की बात करें तो पटना मौसम केंद्र के अनुसार आज (6 जुलाई) कैमूर और रोहतास जिले में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 24 जिलों के कुछ हिस्सों और 14 जिलों के एक या दो जगहों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में 11 जुलाई तक भारी बरसात देखने को मिल सकती है।
इन राज्यों में भी होगी ज़ोरदार बरसात
उत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी भारी बारिश की आशंका है:
-
इस दौरान हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भारी बारिश हो सकती है।
-
हिमाचल प्रदेश में 7 और 8 जुलाई को भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
-
आज और कल (6 और 7 जुलाई) पंजाब और हरियाणा में भारी बरसात को लेकर मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम का मिजाज़
उत्तर-पश्चिम भारत के अलावा दक्षिण भारत में भी भारी बारिश हो सकती है:
-
आज (6 जुलाई) कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना है।
-
10-11 जुलाई को तटीय कर्नाटक में और 9-11 जुलाई को केरल में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
-
इसके अलावा दक्षिण भारत में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएँ चल सकती हैं।
मानसून के सक्रिय होने से देशभर के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। यात्रियों और निवासियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी ज़रूर ले लें।