अगले 24 घंटे भारी... ओडिशा के इन 3 जिलों में होगी आफत की बारिश, विभाग ने जारी किया 'रेड अलर्ट'
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 05:08 PM (IST)
Heavy Rain Alert: मौसम विभाग ने ओडिशा के तीन जिलों के लिए भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश भी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, तटीय इलाके में एक गहरे दबाव का क्षेत्र मंगलवार सुबह उत्तर ओडिशा और उससे सटे पश्चिम बंगाल के ऊपर केंद्रित हो गया।
अगले 24 घंटों के दौरान इस मौसम प्रणाली के उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके कारण पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में भारी वर्षा दर्ज की गई। बालेश्वर शहर में सबसे अधिक 25 सेमी बारिश दर्ज की गई, जबकि नीलगिरि, जलेश्वर और रेमुणा में 24-24 सेमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने सुंदरगढ़, क्योंझर और मयूरभंज जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट' जारी किया है, जिसमें कई स्थानों पर बहुत भारी और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, देवगढ़, अनुगुल, ढेंकानाल, सुवर्णपुर, बौद्ध, नुआपाड़ा और बलांगीर जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है, जहां एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, कालाहांडी, कंधमाल, नवरंगपुर, कोरापुट, मलकानगिरी, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट' जारी किया गया है, जहां कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की उम्मीद है।
बुधवार सुबह तक समुद्र में स्थिति खराब रहने की आशंका है, जिसके बाद इसमें धीरे-धीरे सुधार आ सकता है। मछुआरों को 29 जुलाई की सुबह तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा, पश्चिम बंगाल तथा उत्तर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
