Heavy Rain Alert: अगले 6 दिन होगा भारी बारिश का तांडव, IMD ने इन राज्यों में जारी किया हाई अलर्ट
punjabkesari.in Tuesday, Sep 23, 2025 - 06:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क : देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का अंतिम चरण जारी है और अगले 7 दिन में यह पूरी तरह सक्रिय रहेगा। जाते-जाते भी मानसून के बादल कई राज्यों में भारी बारिश और तूफानी हवाओं के साथ बरस रहे हैं। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हाल ही में हुई भारी बारिश ने तबाही मचाई है। वहीं, अगले 6 दिन पूर्वोत्तर भारत, महाराष्ट्र, पूर्वी और दक्षिण भारत में तूफानी हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में मौसमदिल्ली-NCR में फिलहाल मौसम साफ है। 26 सितंबर तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। सुबह-शाम ठंडी हवा चल सकती है, जबकि दिन में धूप और उमस का अहसास रहेगा। IMD के अनुसार, 27, 28 और 29 सितंबर को हल्के बादल छाए रह सकते हैं। अक्टूबर के पहले हफ्ते से दिल्ली में सर्दी का असर शुरू होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया। हवा की गति 20-35 किलोमीटर प्रति घंटे रही।
यह भी पढ़ें - नरेंद्र मोदी के बाद इस शख्स को देश का अगला PM बनाना चाहती हैं जनता, सर्वे में आया चौंकाने वाला नाम
अन्य राज्यों का मौसम
IMD के अनुसार, पूर्व और मध्य भारत में अगले 5 दिन तूफानी हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। ओडिशा, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 24 से 27 सितंबर तक अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। 24-25 सितंबर को बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बादल बरस सकते हैं।
पश्चिम भारत में 26 से 29 सितंबर के बीच गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा में भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। उत्तर-पूर्व भारत में 24 से 29 सितंबर के बीच असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तूफानी हवाओं के साथ बारिश होगी। दक्षिण भारत में 24 से 28 सितंबर तक आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, यनम में, 25-27 सितंबर को तमिलनाडु में, 25 से 28 सितंबर तक केरल और माहे में, 26-27 सितंबर को रायलसीमा और तटीय कर्नाटक में तथा 26 से 28 सितंबर तक उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। हवाओं की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।
यह भी पढ़ें - अचानक से मिली दिनेश कार्तिक को कप्तानी, बोले- मेरे लिए यह सम्मान की बात है