Heavy Rain Alert: अगले 2 घंटें में दिल्ली- NCR में भारी बारिश की संभावना, IMD ने इन राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट
punjabkesari.in Tuesday, Sep 30, 2025 - 01:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली-एनसीआर में बीते कुछ दिनों से काफी गर्मी पड़ रही थी, जिसके चलते लोग उमस और चिपचिपाहट से काफी परेशान थे। अब दिल्लीवासियों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। मानसून वापसी से पहले एक बार फिर से एक्टिव हो गया है, जिसके चलते राज्य में तेज़ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। IMD और निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट ने अगले कुछ घंटों को लेकर एक बड़ा अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में जल्द बदलेगा मौसम
स्काईमेट के अनुसार दिल्ली, एनसीआर, गाजियाबाद, नोएडा, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आस-पास जल्द ही एक नया चक्रवाती तूफान आ सकता है।
- अगले 2 घंटों में: इन इलाकों में तेज बिजली कड़कने और गरज के साथ बौछारें पड़ने की आशंका है। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश तो कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। आज दिल्ली-एनसीआर में बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 33-37°C और न्यूनतम तापमान 24-26°C रहने का अनुमान है।
- 2 अक्टूबर तक: आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए नया अलर्ट
उत्तर प्रदेश में पिछले पखवाड़े से गर्मी और उमस है। IMD के अनुसार 2 अक्टूबर को मानसून फिर एक्टिव होगा और कुछ ज़िलों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि बाक़ी ज़िलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं।
बिहार के लिए भी IMD का अनुमान है कि 1 से 4 अक्टूबर तक कुछ ज़िलों में बारिश होगी। वहीं 4 और 5 अक्टूबर को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पूरे बिहार में भारी बारिश होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- BREAKING: दिल्ली-NCR का मौसम हुआ 'ब्लैकआउट'! दिन में ही छा गई रात, गर्मी से मिलेगी राहत
इन राज्यों में भारी बारिश और तूफान का खतरा
मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अलर्ट जारी किया है:
- भारी से बहुत भारी बारिश: गुजरात (सौराष्ट्र और कच्छ) में अगले एक सप्ताह के दौरान।
- भारी बारिश की संभावना: अंडमान निकोबार, असम, मेघालय, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा।
- तूफान और तेज हवाएं: बिहार, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गुजरात, कोंकण और गोवा के तटों पर भी तेज हवाओं के साथ तूफान का खतरा है।