Weather Change: भीषण गर्मी के लिए हो जाए तैयार, इस बार पड़ेगी भयंकर गर्मी, जनवरी में ही 25 डिग्री पहुंचा तापमान

punjabkesari.in Thursday, Jan 22, 2026 - 10:17 AM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली में इस बार जनवरी की शुरुआत ही गर्मी की वजह से खास रही। जनवरी के मध्य में ही तापमान 25 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि आमतौर पर इस समय ठंड रहती है। मौसम में अचानक इस बदलाव के कारण राजधानी में गर्मी का असर पहले ही महसूस होने लगा है, और इस साल गर्मी का मौसम सामान्य से ज्यादा तीव्र रहने का अनुमान जताया जा रहा है।

 15 दिसंबर से 15 जनवरी के बीच दिल्ली में दिन का तापमान 15-17 डिग्री के बीच रहा और रात का तापमान 3 डिग्री से नीचे गिर गया था। घनी धुंध और ठंडी हवाओं ने लोगों को ठंड से कांपने पर मजबूर कर दिया था। लेकिन पिछले 4-5 दिन से रात का तापमान लगभग 7 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जबकि दिन में धूप निकलने से ठंड कम महसूस हो रही है। इसी दौरान अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे लोग गर्मी का अनुभव करने लगे हैं।

Weak Western Disturbance बड़ी वजह
मौसम में अचानक बदलाव की वजह: मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दिल्ली में अचानक तापमान बढ़ने की मुख्य वजह कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (Weak Western Disturbance) है। सर्दियों में उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का मुख्य प्रभाव यूरोप की ओर से आने वाले पश्चिमी विक्षोभ से होता है। जब पश्चिमी विक्षोभ मजबूत होता है, तो बारिश और बर्फबारी होती है और ठंड बढ़ती है। लेकिन इस बार कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में गर्मी बढ़ रही है।

कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली में साइक्लोनिक सर्कुलेशन नहीं बन रहा और पहाड़ी क्षेत्रों से ठंडी हवाएं भी नहीं पहुंच रही। नतीजा यह है कि बादल और कोहरा नहीं बन रहे, सूरज की किरणें सीधे जमीन तक पहुंच रही हैं और दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है।

वर्तमान तापमान और भविष्य का अनुमान: 21 जनवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक हफ्ते में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। इनमें से एक का असर पहाड़ी इलाकों में दिखना शुरू हो चुका है, लेकिन दिल्ली में ठंड अभी नहीं लौटेगी। बारिश की संभावना थोड़ी बनी हुई है, लेकिन ठंड नहीं पड़ेगी।  इस बार की जनवरी गर्मी की शुरुआत पहले ही महसूस करवा रही है, और इससे यह संकेत मिलता है कि इस साल गर्मी का मौसम सामान्य से अधिक गर्म रहने का अनुमान है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News