स्वास्थ्य सेवाएं सभी के लिए सस्ती होनी चाहिए,आयुष्मान भारत योजना इस परिकल्पना को पूरा करती है: नरेन्द्र मोदी

punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 02:58 PM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि स्वास्थ्य सेवा सभी के लिए सुलभ, उपलब्ध और सस्ती होनी चाहिए और आयुष्मान भारत योजना पहले से ही पूरे भारत में करोड़ों परिवारों के लिए इस दृष्टिकोण को साकार कर रही है। यहां 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत करने के बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पुडुचेरी को केवल राज्यों के लिए बनायी गयी पूंजी निवेश से जुड़ी विशेष सहायता योजना में शामिल किया है।

उन्होंने कहा कि इस कदम से केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के लोगों को बेहतर सड़कों सहित बेहतर बुनियादी ढांचे के रूप में लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा, ''एक मजबूत और सशक्त युवा पीढ़ी विकास की नींव है। हम उनके सपनों को साकार करने के लिए काम कर रहे हैं। एनआईटी कराईकल में नया 'डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग' भवन और छात्रावास की आधुनिक सुविधाएं छात्रों में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देंगी।''

उन्होंने यह भी बताया कि पुडुचेरी विश्वविद्यालय में भी बुनियादी ढांचे का उन्नयन किया गया है। मोदी ने कहा, ''जब मैं पहले यहां आया था, तो मैंने 'सर्वश्रेष्ठ पुडुचेरी' का नारा दिया था। 'सर्वश्रेष्ठ' का अर्थ है व्यापार, शिक्षा, आध्यात्मिकता और पर्यटन। पिछले साढ़े चार वर्षों में यह परिकल्पना फलदायी साबित हुई है। पुडुचेरी ने सुशासन और विकास देखा है।''

स्वतंत्रता आंदोलन में पुडुचेरी क्षेत्र की भूमिका की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, '' वर्ष 2047 तक हमें एक विकसित पुडुचेरी, एक विकसित भारत का निर्माण करना होगा; पुडुचेरी की 'डबल इंजन' सरकार इस मिशन में आपके साथ है और हम सर्वश्रेष्ठ पुडुचेरी के लिए काम करते रहेंगे।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News