राहुल गांधी पर भाजपा का पलटवार, कहा- वो चाहते हैं देशभर में हो कानून व्यवस्था भंग

punjabkesari.in Friday, Jan 29, 2021 - 07:00 PM (IST)

नेशनल डेस्कः केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। ईरानी ने कहा कि अपनी प्रेस वार्ता में राहुल गांधी ने अपने 15 साल के राजनीतिक अनुभव को जताते हुए ये ऐलान कर दिया कि 26 जनवरी को जो देश ने देखा उसे राहुल गांधी पूरे देश में देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को जो देश ने देखा उसमें 300 से अधिक पुलिसकर्मी और कई मीडियाकर्मी घायल हुए। ईरानी ने महिला पुलिसकर्मी का जिक्र करते हुए कहा कि महिला पुलिसकर्मियों को घेरकर मारने का प्रयास किया गया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राष्ट्र नहीं भूलेगा वो मंजर मीडियाकर्मियों और पुलिस अधिकारियों पर ट्रैक्टर चलाकर मारने की भी कोशिश की गई। लेकिन आज राहुल गांधी के मुख से घायल पुलिसकर्मियों के लिए संवेदना के शब्द नहीं निकले। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वो नेता हैं जो चाहते हैं देशभर में कानून व्यवस्था भंग हो। राहुल गांधी वो नेता जो चाहते हैं कि अराजक तत्व देश में तिरंगे का अपमान करें बल्कि देश को तोड़ने का दुस्साहस करें। ईरानी ने कहा कि राहुल गांधी के जितने भी मंसूबे हैं, उन्हें हम सब मिलकर नाकायाब करेंगे।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि आने वाले समय में किसान आंदोलन गांवों से शहरों तक फैल जाएगा और इसका समाधान यही है कि सरकार को तीनों कानूनों को वापस लेना चाहिए। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "यह समझना जरूरी है कि ये तीनों कानून क्या हैं। पहले कानून से मंडिया खत्म हो जाएंगी। दूसरे कानून से बड़े कारोबारी अनाज की जमाखोरी कर लेंगे। तीसरे कानून से एमएसपी खत्म हो जाएगा।" उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को धमकाने और डराने का प्रयास कर रही है।

राहुल गांधी ने कहा, " सरकार मध्य वर्ग को आने वाले समय में झटका देने जा रही है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ जाएगी ।" कांग्रेस नेता ने कहा कि यह आंदोलन खत्म नहीं होने वाला और आने वाले समय में यह गांवों से शहरों तक फैल जाएगा। उन्होंने कहा, " हम समाधान चाहते हैं। समाधान यही है कि कानूनों को वापस लिया जाए।" 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News