Gold Silver Price Down : अचानक 1800 रुपए सस्ता हुआ सोना, चांदी में भी आई बड़ी गिरावट

punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 08:50 PM (IST)

नेशनल डेस्क : राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार तीसरे दिन गिरावट आई और यह बुधवार को 1,800 रुपये टूटकर 1,50,800 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। रुपये में मजबूती आने से कीमती धातु की कीमतों पर दबाव अधिक बढ़ गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव मंगलवार के बंद भाव 1,52,600 रुपये प्रति 10 ग्राम से 1,800 रुपये टूटकर 1,50,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गया। चांदी की कीमतों में भी गिरावट जारी रही।

इसका भाव पिछले बंद स्तर 2.26 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से 5,000 रुपये टूटकर 2.21 लाख रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गया। नौ अक्टूबर के बाद से सोने की कीमतों में 3,600 रुपये और चांदी में 7,500 रुपये की गिरावट आई है। इससे घरेलू सर्राफा बाजार में कीमतों में आई गिरावट का अंदाजा लगाया जा सकता है।

रुपया बुधवार को डॉलर के मुकाबले 19 पैसे मजबूत होकर 95.17 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह लगातार चौथा कारोबारी सत्र था, जब रुपये में तेजी दर्ज की गई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के हस्तक्षेप से रुपये को समर्थन मिला। केंद्रीय बैंक ने डॉलर की निकट अवधि की मांग को कम करने और विदेशी मुद्रा बाजार में सट्टेबाजी के जोखिम को सीमित करने के लिए हस्तक्षेप किया। कारोबारियों ने कहा कि रुपये में मजबूती से डॉलर मूल्य वाली सोने-चांदी जैसी धातुओं का आयात सस्ता हो जाता है, जिससे घरेलू बाजार में उनकी कीमतों पर दबाव पड़ता है। यह स्थिति तब भी बनी रहती है, जब निवेशक अंतरराष्ट्रीय बाजार के उतार-चढ़ाव पर नजर रख रहे हों।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में जिंस मामलों के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, "बुधवार को घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट जारी रही। इसकी वजह वैश्विक बाजार से मिले कमजोर संकेत और रुपये में मजबूती रही।" वैश्विक बाजार में हाजिर सोना 20.51 डॉलर यानी 0.49 प्रतिशत टूटकर 4,140.69 डॉलर प्रति औंस रह गया। चांदी की कीमत एक प्रतिशत से अधिक टूटकर 58.49 डॉलर प्रति औंस रह गई, जो करीब तीन महीने का निचला स्तर है। चांदी का भाव इससे पहले 27 जुलाई को 58.40 डॉलर प्रति औंस के आसपास रहा था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News