24 Carat 10/Gram Gold Rate: लगातार सस्ता हो रहा सोना-चांदी, कीमतों में गिरावट, देखें 10 ग्राम सोने का नया रेट

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 09:41 AM (IST)

नई दिल्ली, 9 मार्च:  मिडल-ईस्ट में लगातार बढ़ रहे तनाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में भी गिरावत देखी जा रही है। हफ्ते की शुरुआत के साथ ही घरेलू वायदा बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। सोमवार सुबह मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुएं दबाव में कारोबार करती नजर आईं।

MCX पर सोना करीब 1,229 रुपये (0.76%) की गिरावट के साथ 1,60,405 रुपये पर कारोबार करता दिखा। वहीं चांदी में भी कमजोरी रही और यह लगभग 3,255 रुपये (1.21%) टूटकर 2,65,035 रुपये के स्तर पर पहुंच गई।

अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार 'कॉमेक्स' पर सोने और चांदी की कीमतें
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार 'कॉमेक्स' पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। 28 फरवरी 2026 से शुरू हुए इस तनाव के बाद बहुत से लोगों को उम्मीद थी कि कमोडिटी मार्केट में एक बड़ी तेजी आएगी, लेकिन बाजार ने इसके विपरीत संकेत दिए हैं। इसके पीछे कई बड़े मैक्रोइकॉनॉमिक कारण काम कर रहे हैं। सबसे प्रमुख कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल है। ईरान द्वारा 'होर्मूज स्ट्रेट' बंद किए जाने से तेल की सप्लाई बाधित हुई है, जिससे वैश्विक स्तर पर महंगाई (इन्फ्लेशन) बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है।

डॉलर की मजबूती और निवेशकों की मुनाफावसूली
एक तरफ जहां मिडिल ईस्ट के तनाव ने अनिश्चितता बढ़ाई है, वहीं दूसरी तरफ डॉलर इंडेक्स अपने 5 हफ्तों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। बाजार का यह नियम है कि जब-जब डॉलर मजबूत होता है, सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बढ़ता है और उनमें गिरावट देखी जाती है। इसके साथ ही, निवेशक किसी बड़े जोखिम से बचने के लिए 'प्रॉफिट बुकिंग' यानी मुनाफावसूली का रास्ता अपना रहे हैं। जैसे ही कीमतें हल्की बढ़ती हैं, निवेशक डर के कारण अपना सोना बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं ताकि कमोडिटी मार्केट में संभावित किसी बड़ी गिरावट से बचा जा सके।

ताजा भाव: क्या चल रहा है मार्केट का रेट?
आज यानी 9 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय बाजार 'comex' पर सोने का रेट 5,029.50 डॉलर प्रति औंस और चांदी का रेट 80.915 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। अगर हम भारतीय बाजार यानी एमसीएक्स (MCX) की बात करें, तो पिछले कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन (6 मार्च) सोना 1,61,675 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 2,68,579 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बंद हुई थी।

 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News