10 gram gold price crash: सोना खरीदने का सुनहरा मौका: ₹5,500 सस्ता हुआ गोल्ड, कुछ ही दिनों में 5% टूटा दाम
punjabkesari.in Monday, Jun 30, 2025 - 08:49 AM (IST)

नई दिल्ली: अगर आप सोने की खरीदारी की सोच रहे हैं, तो कुछ दिनों का इंतज़ार आपके फायदे में हो सकता है। वैश्विक स्तर पर घटते तनाव और अमेरिकी आर्थिक संकेतकों की अनिश्चितता के चलते सोने की कीमतों में गिरावट का रुझान बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले सप्ताहों में यह गिरावट और गहराई ले सकती है।
वैश्विक हालात ने सोने की चमक की धीमी
दुनिया में तीसरे विश्व युद्ध की आशंका कम होने और पश्चिम एशिया में ईरान-इज़राइल विवाद शांत पड़ने से ग्लोबल मार्केट में स्थिरता लौटी है। इसका सीधा असर सोने पर पड़ा है, जो पारंपरिक रूप से 'सुरक्षित निवेश विकल्प' माना जाता है। तनाव घटने से निवेशकों का रुझान अब शेयर बाजार और अन्य जोखिमपूर्ण परिसंपत्तियों की ओर बढ़ गया है।
MCX पर सोना गिरा, 93 हजार तक आ सकती है कीमत
-शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का भाव 1.61% की गिरावट के साथ ₹95,524 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।
-विश्लेषकों का मानना है कि सोने की कीमत आगामी सप्ताह में ₹93,000 से ₹97,500 प्रति 10 ग्राम के दायरे में रह सकती है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में तत्काल कटौती न करने के संकेत से भी सोने पर दबाव बना है। इस बीच अमेरिका के आर्थिक आंकड़ों पर भी निवेशकों की नजर टिकी हुई है, जिससे बाजार में अस्थिरता बनी हुई है।
फेड के फैसलों की उम्मीद, निवेशक कर रहे इंतजार
फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने हाल ही में कहा कि ब्याज दरों में कटौती संभव है, लेकिन निकट भविष्य में नहीं। इस बयान ने सोने में निवेश करने वाले निवेशकों के रुझान को धीमा कर दिया है। अगर भविष्य में फेड दरें घटाता है, तो यह सोने की कीमत को थोड़ी राहत दे सकता है, लेकिन फिलहाल दबाव बना रहेगा।
रिकॉर्ड से ₹5,500 सस्ता हो चुका है सोना
16 जून को सोने ने MCX पर ₹1,01,078 प्रति 10 ग्राम का अब तक का उच्चतम स्तर छुआ था। लेकिन इसके बाद से इसमें करीब ₹5,500 की गिरावट आ चुकी है। यानी, कीमत में लगभग 5% की गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट के पीछे मुख्य वजह यह भी है कि मिडिल ईस्ट में युद्ध की संभावनाएं लगभग खत्म हो चुकी हैं, जिससे निवेशकों को जोखिम महसूस नहीं हो रहा। ऐसे में वे सोने जैसे 'सेफ हेवन' से बाहर निकलकर शेयर बाजार जैसे एसेट्स की तरफ रुख कर रहे हैं।