Gold silver price rise: सोने-चांदी के दामों में फिर आया उछाल, इतने हुए भाव, क्या दोबारा बनेगा नया रिकॉर्ड?
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 02:53 PM (IST)
नेशनल डेस्कः आज घरेलू वायदा बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों ने जोरदार छलांग लगाई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी दोनों में मजबूत तेजी दर्ज की गई, जिससे दाम रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गए। चांदी में हजारों रुपये की बढ़त ने बाजार को चौंका दिया, वहीं सोना भी नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ता नजर आया। बढ़ती वैश्विक अनिश्चितता और सुरक्षित निवेश की मांग के बीच सराफा बाजार में यह उछाल निवेशकों और खरीदारों के लिए अहम संकेत माना जा रहा है।
चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी
एमसीएक्स पर चांदी की कीमतों में करीब 6,488 रुपये प्रति किलो की बड़ी छलांग दर्ज की गई। इसके साथ ही एक किलो चांदी का भाव बढ़कर 2,42,923 रुपये पर पहुंच गया। कारोबारी सत्र के दौरान चांदी ने 2,39,626 रुपये प्रति किलो का निचला स्तर छुआ, जबकि ऊपरी स्तर पर यह 2,43,699 रुपये तक पहुंच गई। विशेषज्ञों का मानना है कि औद्योगिक मांग में बढ़ोतरी और वैश्विक बाजार की अनिश्चितता ने चांदी की कीमतों को समर्थन दिया है। इतनी तेज बढ़त ने बाजार में हलचल बढ़ा दी है।
सोने में भी तेजी
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी उल्लेखनीय बढ़त दर्ज की गई। सुबह करीब 10 बजे तक सोना 1,639 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी के साथ 1,54,475 रुपये पर कारोबार करता दिखाई दिया। दिन के दौरान सोने ने 1,53,750 रुपये प्रति 10 ग्राम का निचला स्तर और 1,54,837 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ।
सोने की कीमतें 1.55 लाख रुपये के मनोवैज्ञानिक स्तर के करीब पहुंच गई हैं, जिससे निवेशकों की सक्रियता और बढ़ गई है।
सराफा बाजार में उतार-चढ़ाव
पिछले कुछ दिनों से सराफा बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। कभी कीमतों में हल्की गिरावट तो कभी तेज उछाल देखने को मिल रहा है। शुक्रवार का कारोबारी सत्र पूरी तरह तेजी के नाम रहा। एमसीएक्स पर बढ़ी हुई कीमतों का असर स्थानीय बाजारों पर भी पड़ता है, जहां ज्वैलर्स मेकिंग चार्ज और टैक्स जोड़कर अंतिम मूल्य तय करते हैं। ऐसे में खुदरा बाजार में सोना-चांदी और महंगे हो सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक आर्थिक हालात और निवेशकों की सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ती रुचि के चलते आने वाले दिनों में भी कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
