Goa nightclub fire : सौरभ-गौरव लूथरा के नाइट क्लब पर चला बुलडोजर, जारी हुआ ब्लू कॉर्नर नोटिस
punjabkesari.in Tuesday, Dec 09, 2025 - 07:21 PM (IST)
नेशनल डेस्क: गोवा पर्यटन विभाग ने आग से तबाह हुए नाइट क्लब के फरार मालिकों - सौरभ और गौरव लूथरा के वागाटोर समुद्र तट पर स्थित ‘रोमियो लेन' के अवैध क्लब को मंगलवार को ध्वस्त कर दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सौरभ और गौरव लूथरा ने पर्यटन विभाग की जमीन पर क्लब का निर्माण किया था। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अधिकारियों को क्लब गिराने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया था। अधिकारी ने बताया कि लकड़ी से बनी इस संरचना को मशीनों की मदद से गिरा दिया गया और पर्यटन विभाग ने 198 वर्ग मीटर जमीन को मुक्त कराया। पुलिस की मौजूदगी में दो घंटे के अंदर ही ढांचे को गिरा दिया गया।
साथ ही दोनों के खिलाफ इंटरपोल का ‘ब्लू कॉर्नर नोटिस’ जारी भी हुआ। गोवा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों भाइयों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए सीबीआई के इंटरपोल विंग के साथ समन्वय शुरू कर दिया गया है। पिछले कुछ वर्षों में सीबीआई के ग्लोबल ऑपरेशंस सेंटर ने 200 से अधिक भगोड़ों का पता लगाया और 136 को प्रत्यर्पित या निर्वासित कर भारत वापस लाया। लूथरा बंधुओं के मामले में भी यही प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
ब्लू कॉर्नर नोटिस क्या होता है?
भारत में सीबीआई इंटरपोल के साथ संचार की नोडल एजेंसी है। इंटरपोल सात रंगों के नोटिस जारी करता है – लाल, नीला, पीला, काला, हरा, नारंगी और बैंगनी। इसमें ब्लू नोटिस सदस्य देशों को किसी संदिग्ध की लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी इकट्ठा करने का अधिकार देता है, लेकिन गिरफ्तारी का अनुरोध नहीं करता। वहीं, रेड नोटिस गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण के लिए होता है और इसके लिए आरोप-पत्र दाखिल होना और गैर-जमानती वारंट जारी होना जरूरी है।
#WATCH | Goa: A portion of the Romeo Lane restaurant located in the Vagator area is being demolished. It is owned by Gaurav Luthra and Saurabh Luthra, who also own Birch by Romeo Lane, where a fire tragedy claimed 25 lives on December 7. pic.twitter.com/c4NJXtDYnb
— ANI (@ANI) December 9, 2025
भारत-थाईलैंड प्रत्यर्पण संधि
भारत और थाईलैंड के बीच 2015 से औपचारिक प्रत्यर्पण संधि है। दोनों देशों के बीच आपराधिक मामलों में सहयोग मजबूत रहा है। पिछले दस सालों में बैंकॉक से कई भारतीय भगोड़े भारत लौटाए जा चुके हैं। गोवा पुलिस और CBI अधिकारी पूरी उम्मीद जता रहे हैं कि लूथरा भाइयों को भी शीघ्र भारत लाया जाएगा। इसके लिए गोवा कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी करने और विदेश मंत्रालय के जरिए थाई अधिकारियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी चल रही है।
लूथरा भाई कैसे भागे?
पुलिस के अनुसार, सौरभ और गौरव लूथरा रविवार तड़के लगभग 5:30 बजे इंडिगो फ्लाइट से फुकेत के लिए रवाना हो गए, यानी आग की घटना के सिर्फ छह घंटे बाद। सोमवार तक पुष्टि हो चुकी थी कि दोनों थाईलैंड पहुंच चुके हैं।
नाइटक्लब अग्निकांड का पूरा मामला
शनिवार रात करीब 11:45 बजे ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में आग लगी, जिसमें लगभग 300 वर्ग मीटर क्षेत्र प्रभावित हुआ। हादसे में 25 लोगों की मौत हुई, जिनमें 20 क्लब कर्मचारी और 5 पर्यटक शामिल थे। मृतकों में दिल्ली का एक पूरा परिवार (चार सदस्य) भी शामिल था। रविवार सुबह दर्ज एफआईआर में सौरभ और गौरव लूथरा सहित अन्य लोगों पर भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत गैर इरादतन हत्या, जीवन को खतरे में डालना और ज्वलनशील पदार्थों के साथ लापरवाही बरतने के आरोप लगाए गए हैं।
