वंदे भारत में परोसा गया खराब दही... शिकायत के बाद मचा हड़कंप, IRCTC ने जारी किया नोटिस

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 06:53 PM (IST)

नेशनल डेस्क : पटना टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 21896) में परोसे गए दही की गुणवत्ता को लेकर एक यात्री की शिकायत ने रेलवे महकमे में हलचल मचा दी है। 15 मार्च को की गई इस शिकायत में दही खराब होने का आरोप लगाया गया था। मामला सामने आते ही रेलवे और संबंधित एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।

IRCTC ने दिखाया सख्त रुख

इंडियन रेल कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अमूल को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। इसके साथ ही ट्रेन में कैटरिंग सेवा देने वाले ठेकेदार पर भारी जुर्माना लगाया गया है।

ठेकेदार पर गाज गिरना तय

IRCTC ने संबंधित कैटरिंग ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही उसे ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी भी चल रही है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो सके।

रेलवे ने भी की कड़ी कार्रवाई

इस पूरे मामले में रेलवे ने भी सख्ती दिखाई है। इंडियन रेलवे ने IRCTC पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है, जबकि कैटरिंग कंपनी पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही कंपनी का कॉन्ट्रैक्ट समाप्त करने के आदेश भी दिए गए हैं।

यात्रियों की सुरक्षा सबसे अहम

रेलवे ने साफ किया है कि यात्रियों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता का भोजन देना उसकी प्राथमिकता है। इस तरह की लापरवाही को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अब खाने की गुणवत्ता पर कड़ी नजर

इस घटना के बाद रेलवे और IRCTC ने ट्रेनों में परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता की निगरानी और सख्त करने के संकेत दिए हैं। अधिकारियों ने कहा है कि यात्रियों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News