ऑनलाइन शुरु हुआ प्यार, शादी से लेकर हनीमून... गर्लफ्रेंड देख रही थी सपने, तभी प्रेमी ने कर दिया कांड
punjabkesari.in Monday, Mar 10, 2025 - 06:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मुंबई की मायानगरी में एक लड़की शादी के सपने संजो रही थी, लेकिन उसके साथ जो हुआ, उसने सभी को चौंका दिया। सोशल मीडिया पर मिले एक युवक ने पहले प्यार का झांसा दिया, फिर लड़की से मोबाइल फोन लेकर लोन लिया और गहने भी हड़प लिए। यह मामला पुलिस तक पहुंच चुका है और जांच जारी है। अंधेरी (पूर्व) की रहने वाली 26 वर्षीय युवती अपने लिए शादी का सही रिश्ता तलाश रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सोशल मीडिया पर एक युवक से हुई। बातचीत के बाद दोनों ने मिलने का प्लान बनाया। लड़की को लड़का काफी पसंद आया और उसने शादी के सपने भी संजो लिए। लेकिन उसे क्या पता था कि यह युवक उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा झटका देने वाला है।
लड़की से फोन लेकर लिया 80,000 रुपये का लोन!
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक युवक ने लड़की से मुलाकात की और खुद को नबील मुनीर खान बताया। दोनों ने अंधेरी (पश्चिम) के एक होटल में डिनर किया, इसी दौरान युवक ने लड़की से उसका फोन मांगा। उसने कहा कि वह लड़की का सिबिल स्कोर चेक करना चाहता है। लड़की को इस पर कोई शक नहीं हुआ और उसने फोन दे दिया। डिनर के बाद युवक लड़की को एक मोबाइल शॉप पर ले गया और वहां कुछ कॉल किए। बाद में पता चला कि उसने लड़की के पैन कार्ड और आधार कार्ड की जानकारी चुरा ली थी और वित्तीय संस्थान से लोन के लिए आवेदन कर दिया था। लड़की को इसकी भनक तक नहीं लगी और युवक ने उसके नाम पर ₹80,000 का लोन लेकर अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया।
गहनों के नाम पर भी ठगी
28 फरवरी को युवक ने फिर से लड़की को लंच पर बुलाया। लंच के बाद दोनों लिंकिंग रोड पर शॉपिंग के लिए गए। यहां पर युवक ने कहा कि उसे लड़की के लिए हीरे जड़े गहने बनवाने हैं, जिसके लिए उसका माप जरूरी है। लड़की को उस पर भरोसा था, इसलिए उसने अपनी सोने की अंगूठी और कंगन उसे दे दिए, जिनकी कीमत लगभग ₹60,000 थी।
फोन बंद होते ही लड़की को हुआ शक!
जब 1 मार्च को लड़की ने युवक से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका फोन स्विच ऑफ मिला। काफी कोशिशों के बाद भी जब युवक से संपर्क नहीं हुआ, तब लड़की को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है। इसके बाद उसने डीएन नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज मंगवाए हैं और युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपी पहले से ऐसी ठगी करता आ रहा है।
मुंबई में बढ़ रहे हैं वैवाहिक धोखाधड़ी के मामले
मुंबई पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 2023 और 2024 के बीच 26 मैट्रिमोनियल फ्रॉड के मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से अब तक 9 मामलों को सुलझाया गया है।
ऐसे फ्रॉड से बचने के लिए ध्यान दें ये बातें
-
सोशल मीडिया पर मिले किसी भी व्यक्ति पर जल्द भरोसा न करें।
-
अपने पर्सनल डॉक्युमेंट्स (पैन, आधार, बैंक डिटेल्स) किसी के साथ साझा न करें।
-
अगर कोई आपके फोन से कुछ चेक करने के लिए मांगे, तो खुद ही देखें और दें।
-
कीमती गहने या पैसे किसी अनजान व्यक्ति को न सौंपें।
-
ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट्स पर सतर्क रहें और जांच-पड़ताल करें।