ऑनलाइन हथियार बेचने वाले गैंग का भंडाफोड़, पुलिस ने 11 लोगों को किया गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Apr 21, 2025 - 01:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क. उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने एक ऐसे गैंग का भंडाफोड़ किया है, जो इंटरनेट पर हथियार बेचता था। इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह गैंग मध्य प्रदेश और राजस्थान तक फैला हुआ था।
पुलिस ने इन लोगों के पास से 8 पिस्टल और 3 देसी तमंचे बरामद किए हैं। ये लोग व्हाट्सएप पर हथियारों की फोटो दिखाकर ग्राहकों से ऑर्डर लेते थे, खासकर मध्य प्रदेश में बनी बेराटा पिस्टल का। ये लोग अलग-अलग जगहों पर जाकर हथियार पहुँचाते थे ताकि पुलिस को पता न चले। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस को कई कारतूस, 11 मोबाइल फोन, दो कार और एक मोटरसाइकिल भी मिली है।
मुजफ्फरनगर पुलिस को खबर मिली थी कि हथियार सप्लाई करने वाले कुछ लोग शामली फ्लाईओवर के नीचे हथियार पहुँचाने आने वाले हैं। पुलिस ने वहाँ घेराबंदी करके 11 लोगों को पकड़ लिया। इनके नाम रोबिन, रोहित, अभय, विशू, विशाल, विवेक, प्रमोद, कर्ण, कबीर, जितेंद्र और उजैफा हैं। ये लोग पुलिस से बचने के लिए ऑनलाइन बुकिंग करते थे। रोबिन, रोहित, जितेंद्र और विवेक नाम के लोग मध्य प्रदेश से बेराटा पिस्टल खरीदते थे और उन्हें 70 हजार से एक लाख रुपए तक में बेचते थे। इस गैंग का मुखिया विशाल पहले बुलंदशहर में डकैती के मामले में पकड़ा जा चुका है।
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि यह गैंग अब तक राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब और दिल्ली में भी हथियार सप्लाई कर चुका है। पुलिस अब पकड़े गए लोगों के मोबाइल फोन की जाँच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि इन्होंने और किन-किन लोगों को हथियार बेचे हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इन्होंने उत्तर प्रदेश के शामली, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के कुछ बदमाशों को भी पिस्टल बेची हैं।