महाराष्ट्र के अकोला शहर में पूर्ण लॉकडाउन, एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Mar 12, 2021 - 08:37 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र सरकार ने अकोला शहर में संपूर्ण लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है। 15 मार्च अकोला में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संपर्ण लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान किसी को बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। इसी बीच पीएम मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित किया। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शुक्रवार की शाम सरकारी एसएसकेएम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें

महाराष्ट्र: नागपुर के बाद अब अकोला शहर में पूर्ण लॉकडाउन

महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अकोला शहर में संपूर्ण लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया है। 15 मार्च अकोला में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संपर्ण लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान किसी को बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि जरूरी सेवाओं में छूट दी जाएगी। बता दें कि इससे पहले गुरुवार को उद्धव सरकार ने नागपुर में 15 मार्च से 21 मार्च तक संपूर्ण लॉकडाउन का ऐलान किया था।

हम सौभाग्यशाली जो आजाद भारत के जश्न का बन रहे साक्षी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ से संबंधित ‘आजादी का अमृत महोत्सव' कार्यक्रम के राष्ट्रव्यापी आयोजन की आज यहां शुरुआत की और ऐतिहासिक दांडी मार्च की स्मृति में अहमदाबाद से नवसारी के दांडी तक 386 किलोमीटर की पदयात्रा को रवाना किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा आज आजादी के अमृत महोत्सव का पहला दिन है। अमृत महोत्सव, 15 अगस्त 2022 से 75 हफ्ते पूर्व शुरू हुआ है और 15 अगस्त 2023 तक चलेगा।

नौकरी की मांग करने पर सरकार दे रही छात्रों को एंटी नेशनल का टैग
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि छात्र नौकरी चाहते हैं, लेकिन सरकार उन्हें पुलिस के डंडे, पानी की बौछार, राष्ट्र विरोधी का टैग और बेरोजगारी दे रही है। कांग्रेस ने रोजगार के मुद्दे पर स्टूडेंट्स वांट जॉब्स हैशटैग से सोशल मीडिया अभियान चलाया। इस अभियान के तहत राहुल गांधी ने ट्वीट किया, छात्र नौकरी चाहते हैं, लेकिन सरकार दे रही है-पुलिस के डंडे, वॉटर गन की बौछार, एंटी नेशनल का टैग और बेरोजगारी।

ममता को अस्पताल से मिली छुट्टी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शुक्रवार की शाम सरकारी एसएसकेएम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। चिकित्सकों ने उनकी हालत ‘‘संतोषजनक'' पाई, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दी गई। टीएमसी सुप्रीमो (66 वर्षीय) ने अस्पताल से छुट्टी देने की बार-बार अपील की, जिसके बाद चिकित्सकों ने यह निर्णय किया। अस्पताल के वुडबर्न ब्लॉक के बाहर मौजूद काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं का बनर्जी ने अभिवादन किया। वह व्हीलचेयर पर बैठी हुई थीं और उनके बायें पैर में प्लास्टर लगा हुआ था।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र तय करेगा 21वीं सदी की दुनिया का भविष्य
क्वाड देशों के नेताओं के पहले सम्मेलन की शुरूआत शुक्रवार को हो गई  है। डिजिटल माध्यम से हो रहे इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हमारा एजेंडा वैक्सीन, जलवायु परिवर्तन और उभरती तकनीक जैसे मुद्दे शामिल हैं, जो कि क्वाड को वैश्विक बेहतरी के लिए एक अच्छी ताकत बनाता है। उन्होंने कहा कि क्वाड हमेशा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थायित्व का एक महत्वपूर्ण आधार के रूप में रहेगा।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: द्रमुक ने 173 उम्मीदवारों की सूची जारी की
तमिलनाडु विधानसभा के लिए छह अप्रैल को होने वाले चुनाव में द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन एक बार फिर शहर के कोलाथुर सीट से सियासी किस्मत आजमाएंगे, वहीं उनके पुत्र उदयनिधि महानगर में चेपक-त्रिपलिकाने से चुनावी मैदान में पहली बार उतरेंगे। स्टालिन ने चुनाव के लिए 173 उम्मीदवारों की सूची जारी की।

संयुक्त किसान मोर्चा की बंगाल के किसानों से अपील, कहा- BJP को न दें वोट
विभिन्न किसान संघों के संगठन संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के किसानों और अन्य लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट नहीं देने का अनुरोध किया। मोर्चा ने कहा कि चुनावी हार केंद्र की भाजपा नीत सरकार को तीनों नए कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए मजबूर करेगी। एसकेएम नेता योगेंद्र यादव ने संवाददाताओं से कहा, 'हम किसी भी पार्टी का समर्थन नहीं कर रहे हैं या लोगों से यह नहीं कर रहे हैं वे किसे वोट दें लेकिन हमारी एकमात्र अपील है कि भाजपा को सबक सिखाया जाए।'

कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, G-23 नेताओं का पत्ता साफ
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में 30 प्रचारकों के नाम शामिल हैं। कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ कई और बड़े नेताओं का नाम शामिल है। हालांकि इस लिस्ट में G-23 के नेताओं को जगह नहीं दी गई है, जो कांग्रेस आलाकमान के कामकाज के तरीकों से खफा हैं।

क्या 80 साल की मां को पीटने वाली 'बेटी' को देंगे वोट
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए मतदान 27 मार्च को है और राज्य में सियासी पारा इन दिनों काफी गर्माया हुआ है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई केंद्रीय योजनाओं का झूठा श्रेय लेते हुए तस्वीरें खिंचवाती हैं और उन्हें पोस्टरों पर लगवाती हैं, साथ ही कहा कि क्या राज्य की जनता ‘‘ऐसी बेटी'' को वोट देगी।

नंदीग्राम सीट से शुभेंदु अधिकारी ने भरा नामांकन, बोले-ममता दीदी को मैं ही हराऊंगा
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट से शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी ने पर्चा भरा। इस दौरान उनके साथ तीन केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, बाबुल सुप्रियो और धर्मेद्र प्रधान मौजूद रहे। नामांकन भरने से पहले शुभेंदु ने माता टेका। बता दें कि भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम से ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। ममता बनर्जी ने 10 मार्च को यहां से नामांकन भरा था।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News