ईंधन संकट पर सरकार का बड़ा फैसला: अब 7 दिन में मिलेगा PNG कनेक्शन, पेट्रोल-डीजल पर भी आई राहत भरी खबर
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 05:37 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देश में ईंधन की आपूर्ति और गैस की किल्लत को लेकर मचे घमासान के बीच भारत सरकार ने बड़ा बयान दिया है। एक तरफ जहाँ पेट्रोल-डीजल की बिना रुके सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ आपदा में अवसर तलाशने वाले साइबर अपराधियों से जनता को बचने की सलाह दी गई है।
1.गैस बिल के नाम पर खाली हो सकता है बैंक खाता
सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अधिकारी सी. सेंथिल राजन ने नागरिकों को एक नए 'APK फाइल' स्कैम के प्रति सचेत किया है। ठग लोगों के मोबाइल पर गैस बिल भुगतान के नाम से संदिग्ध मैसेज भेज रहे हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति इस फाइल को डाउनलोड कर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा करता है, उसका खाता साफ कर दिया जाता है। प्रशासन ने साफ किया है कि ऐसे किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस को रिपोर्ट करें।
2. पेट्रोल पंपों पर नहीं होगी तेल की कमी
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने देशवासियों को विश्वास दिलाया है कि ईंधन का स्टॉक पर्याप्त है और पंपों पर सप्लाई रुकने नहीं दी जाएगी। विदेशी शिपमेंट की निगरानी के लिए शिपिंग मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के अधिकारी, जिनमें राजेश के. सिन्हा और रणधीर जायसवाल शामिल हैं, लगातार काम कर रहे हैं ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर से आने वाले ईंधन में कोई बाधा न आए।
3. LPG छोड़ PNG अपनाने पर दिया ज़ोर
सरकार अब LPG पर निर्भरता घटाकर पाइप वाली PNG को बढ़ावा दे रही है। विदेश मंत्रालय के असीम महाजन के अनुसार, व्यावसायिक ग्राहकों को प्राथमिकता के आधार पर PNG से जोड़ा जा रहा है। पिछले सात दिनों में ही सवा लाख नए कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। सरकार ने सख्त निर्देश दिए हैं कि PNG के किसी भी आवेदन को अधिकतम एक सप्ताह के भीतर मंजूरी दी जाए।
4. कुवैत में फंसे भारतीयों के लिए राहत का ऐलान
विदेशों में फंसे नागरिकों की घर वापसी को लेकर भी बड़ी अपडेट सामने आई है। 28 फरवरी से अब तक करीब 28 लाख भारतीय स्वदेश लौट चुके हैं। कुवैत का हवाई मार्ग बंद होने के कारण वहां फंसे लोगों के लिए अब जजीरा एयरवेज सऊदी अरब के जरिए विशेष उड़ानें संचालित कर रही है। कल कोच्चि के लिए पहली स्पेशल फ्लाइट उड़ान भरेगी, जिससे केरल के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
