पानी पीने के बाद बार-बार क्यों आता है पेशाब? इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें, तुरंत जाएं डाॅक्टर के पास
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 01:42 PM (IST)
Reason Of Frequent Urination: अगर पानी पीने के कुछ ही मिनटों बाद आपको बार-बार पेशाब जाने की जरूरत महसूस होती है, तो हर बार यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता। कई बार यह शरीर की सामान्य प्रक्रिया भी हो सकती है। लेकिन यदि थोड़ी मात्रा में पानी पीने के बाद भी हर 10 से 15 मिनट में पेशाब आने लगे और यह समस्या लगातार बनी रहे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसी स्थिति में मूत्राशय (ब्लैडर) या मूत्र तंत्र सामान्य से अलग तरीके से काम कर रहा हो सकता है, जिसकी जांच कराना जरूरी हो सकता है।
एक स्वस्थ व्यक्ति आमतौर पर दिन में 7 से 8 बार पेशाब करता है। यदि आपको हर 30 मिनट से 1 घंटे में बार-बार पेशाब जाना पड़ रहा है, तो यह किसी बीमारी का संकेत हो सकता है।
इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें
अगर बार-बार पेशाब आने के साथ इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई दे, तो जल्द डॉक्टर से संपर्क करें:
-पेशाब करते समय जलन या दर्द
-पेशाब में खून आना
-पेट के निचले हिस्से में दर्द
-बुखार
-अचानक और तेज पेशाब की इच्छा
-रात में कई बार उठकर पेशाब जाना
ये लक्षण संक्रमण, ब्लैडर की समस्या, पुरुषों में प्रोस्टेट संबंधी बीमारी या डायबिटीज जैसी स्वास्थ्य समस्याओं की ओर इशारा कर सकते हैं।
बार-बार पेशाब आने के प्रमुख कारण
1. बढ़ती उम्र
उम्र बढ़ने के साथ मूत्राशय (ब्लैडर) की मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं। इससे ब्लैडर पहले की तरह ज्यादा देर तक पेशाब रोककर नहीं रख पाता और बार-बार पेशाब जाने की जरूरत महसूस होती है।
2. गर्भावस्था
गर्भावस्था के पहले और आखिरी महीनों में बढ़ते हुए गर्भाशय का दबाव ब्लैडर पर पड़ता है। यही वजह है कि गर्भवती महिलाओं को बार-बार पेशाब आता है।
3. बढ़ा हुआ प्रोस्टेट
पुरुषों में प्रोस्टेट ग्रंथि का आकार बढ़ने पर पेशाब का रास्ता संकरा हो सकता है। इससे बार-बार पेशाब आने के साथ पेशाब पूरी तरह साफ न होने की समस्या भी हो सकती है।
4. डायबिटीज
यदि शरीर में ब्लड शुगर का स्तर बढ़ जाता है, तो शरीर अतिरिक्त शुगर को पेशाब के जरिए बाहर निकालने की कोशिश करता है। इससे प्यास और पेशाब दोनों बढ़ जाते हैं।
5. यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन
यूटीआई होने पर ब्लैडर में जलन और सूजन हो सकती है, जिससे बार-बार पेशाब आने की इच्छा होती है। इसके साथ पेशाब करते समय जलन और दर्द भी महसूस हो सकता है।
6. ओवरएक्टिव ब्लैडर
कुछ लोगों का ब्लैडर जरूरत से ज्यादा सक्रिय हो जाता है, जिससे बार-बार और अचानक पेशाब जाने की इच्छा होती है।
7. न्यूरोलॉजिकल बीमारियां
मल्टीपल स्केलेरोसिस, स्ट्रोक या अन्य तंत्रिका संबंधी बीमारियां ब्लैडर को नियंत्रित करने वाली नसों को प्रभावित कर सकती हैं, जिससे पेशाब की समस्या हो सकती है।
8. कुछ दवाइयां
डाययूरेटिक (Diuretics) जैसी दवाइयां शरीर से अतिरिक्त पानी निकालती हैं, जिससे पेशाब अधिक आता है।
9. ज्यादा चाय, कॉफी और शराब
कैफीन और शराब का अधिक सेवन ब्लैडर को उत्तेजित करता है और पेशाब की मात्रा बढ़ा देता है।
पानी पीने का तरीका भी जानें
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आप बहुत कम समय में अधिक पानी पी लेते हैं, तो किडनी अतिरिक्त पानी को जल्दी फिल्टर करके बाहर निकाल देती है। इसलिए पूरे दिन में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी पीना शरीर के लिए अधिक बेहतर माना जाता है।
