दिल्ली के पूर्व सेवा सचिव आशीष मोरे का हुआ लद्दाख में तबादला

punjabkesari.in Tuesday, Aug 01, 2023 - 04:31 AM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली सरकार के पूर्व मुख्य सचिव(सेवा) आशीष मोरे का केंद्रीय गृह मंत्रालय(एमएचए) ने सोमवार को लद्दाख में तबादला कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मोरे पहले वरिष्ठ अधिकारी थे, जिन्हें 11 मई को उच्चतम न्यायालय के फैसले के कुछ घंटों बाद पद से हटा दिया गया था। 

न्यायालय ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी(आप) सरकार को सेवाओं से संबंधित मामलों पर नियंत्रण दिया था। अरुणाचल प्रदेश गोवा मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के वर्ष 2005 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी मोरे पर आप ने दिल्ली के सेवा मंत्री सौरभ भारद्वाज के आदेश का पालन नहीं करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया था। 

भारद्वाज ने 13 मई को मोरे को एक मेमो जारी किया था, जिसमें कथित तौर पर उनके तबादले के निर्देश का पालन नहीं करने और संपर्क में न रहने के लिए अनुशासनात्मक कार्रवाई की धमकी दी गई थी। हालांकि, मोरे के तबादले के आदेश को बाद में क्रियान्वित किया गया और उनकी जगह एक अन्य आईएएस अधिकारी ए के सिंह को नियुक्त किया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News