दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की हुई़ सर्जरी, CM केजरीवाल ने शीघ्र स्वस्थ होने के लिए की प्रार्थना

punjabkesari.in Saturday, Jul 22, 2023 - 10:54 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की यहां एक निजी अस्पताल में रीढ़ की हड्डी की सर्जरी हुई और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की। जैन धन शोधन के एक मामले में अभी अंतरिम जमानत पर हैं। सूत्रों के मुताबिक, जैन को तीन बड़े अस्पतालों ने रीढ़ की हड्डी की गंभीर सर्जरी की सिफारिश की थी।

सूत्र ने बताया कि शुक्रवार शाम को इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में जैन की सर्जरी हुई। केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा, ''ईश्वर से कामना करता हूं कि सत्येंद्र जैन जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें। दिल्ली सरकार में मंत्री रहते हुए उन्होंने लाखों-करोड़ों लोगों की अच्छी सेहत के लिए काम किया था।

भगवान का आशीर्वाद एवं उन लाखों-करोड़ों लोगों की दुआएं उनके साथ हैं। वो स्वस्थ होकर फिर से जनता की सेवा में लौटेंगे।'' जैन को उनके चिकित्सीय उपचार के लिए अंतरिम जमानत प्रदान की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News