पूर्व CM चंपई सोरेन ने BJP में शामिल होने की अटकलों को किया खारिज, कहा- निजी काम से दिल्ली आया हूं

punjabkesari.in Sunday, Aug 18, 2024 - 05:24 PM (IST)

नेशनल डेस्क : देश में पिछले कई दिनों से झारखंड के पूर्व सीएम चंपई सोरेन को लेकर यह कयास लगाए जा रहे थे कि वह जल्द ही झारखंड मुक्ति मोर्चा का साथ छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले हैं। वहीं आज जब वे दिल्ली पहुंचे तो पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया की मुझे लेकर जो भी अफवाहे फैलाई जा रही है, वह सब झूठ है। मैं कही नहीं जा रहा हूं। मैं अभी जिस पार्टी में हूं वहीं रहूंगा। मैं दिल्ली अपने निजी काम से आया था। यहां मुझे अपनी बेटी से मिलना है। 

पूर्व सीएम को बीजेपी में शामिल होने को लेकर यह चर्चा तब और भी ज्यादा बढ़ गई जब बीजेपी की ओर से उनकी सराहना की गई। पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा था कि चंपई सोरेन एक कुशल मुख्यमंत्री थे और झारखंड के विकास में उनका योगदान सराहनीय था। उन्होंने यह भी कहा कि चंपई सोरेन की भाजपा में शामिल होने की संभावना केंद्रीय नेतृत्व पर निर्भर करती है और झारखंड के 3.5 करोड़ लोग उनके काम से संतुष्ट थे। उनकी मुख्यमंत्री पद से बर्खास्तगी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया और इसे एक बड़ा झटका करार दिया गया।

आपको बता दें कि चंपई सोरेन, जो झारखंड के कोल्हान क्षेत्र से आते हैं, को "कोल्हान टाइगर" के नाम से भी जाना जाता है। कोल्हान में विधानसभा की 14 और लोकसभा की 2 सीटें हैं। अगर पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन बीजेपी में शामिल होते हैं, तो यह झारखंड में सत्तारूढ़ जेएमएम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है, खासकर विधानसभा चुनावों से पहले।

 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Utsav Singh

Related News