रूस के लिए मध्यस्थता करेंगे पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़, यूक्रेन के सरकारी बैंक से जुड़े निवेश का मामला
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 02:06 PM (IST)
भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ को रूस ने यूक्रेन के सरकारी बैंक Oschadbank की ओर से दायर निवेश संधि विवाद में अपना मध्यस्थ नियुक्त किया है। यह मामला रूस और यूक्रेन के बीच 1998 में हुई द्विपक्षीय निवेश संधि के तहत शुरू हुई अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता प्रक्रिया से जुड़ा है। इस नियुक्ति की जानकारी Global Arbitration Review की रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है।
विवाद का केंद्र यूक्रेन के उन क्षेत्रों में Oschadbank की संपत्तियां और कारोबारी गतिविधियां हैं, जो रूस-यूक्रेन युद्ध से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। पूरा केस अब तीन सदस्यीय मध्यस्थता ट्रिब्यूनल देख रहा है।
तीन सदस्यीय ट्रिब्यूनल का गठन
इस मामले की अध्यक्षता कोस्टा रिका की मध्यस्थ और पूर्व व्यापार मंत्री दयाला जिमेनेज़ करेंगी। दोनों पक्षों ने उन्हें संयुक्त रूप से ट्रिब्यूनल की अध्यक्ष चुना है। ट्रिब्यूनल में तीसरे सदस्य के तौर पर ग्रीस के मध्यस्थ और नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर के प्रोफेसर स्टावरोस ब्रेकाउलाकिस हैं। उनकी नियुक्ति Oschadbank की ओर से की गई है। इस तरह ट्रिब्यूनल में एक सदस्य रूस की ओर से, एक Oschadbank की ओर से और अध्यक्ष दोनों पक्षों की सहमति से नियुक्त हैं।
चार यूक्रेनी क्षेत्रों की संपत्तियों पर विवाद
Oschadbank का दावा मुख्य रूप से डोनेट्स्क, लुहान्स्क, खेरसॉन और ज़ापोरिज्जिया क्षेत्रों में मौजूद उसकी संपत्तियों और कारोबारी गतिविधियों से जुड़ा है। बैंक का कहना है कि रूस की सैन्य कार्रवाई के कारण उसे इन क्षेत्रों में अपनी संपत्तियों और संचालन पर नियंत्रण गंवाना पड़ा। बैंक के दावे में खास तौर पर 2022 में शुरू हुए रूस के पूर्ण पैमाने के आक्रमण के बाद हुए नुकसान को आधार बनाया गया है। यह दावा बड़ी रकम का बताया जा रहा है और इसका निपटारा निवेश संधि के तहत होने वाली मध्यस्थता प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा।
