Maharashtra: बीजेपी में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, देवेंद्र फडणवीस ने दिलाई पार्टी की सदस्यता
punjabkesari.in Tuesday, Feb 13, 2024 - 01:35 PM (IST)
नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण मंगलवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। चव्हाण ने सोमवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। चव्हाण (65) को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले, पार्टी की मुंबई इकाई के प्रमुख आशीष शेलार और कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन की उपस्थिति में मुंबई स्थित पार्टी कार्यालय में भाजपा में शामिल किया गया।
चव्हाण में भाजपा में शामिल होने से पहले कहा, ‘‘आज मेरे जीवन के नए राजनीतिक करियर की शुरुआत है।'' जब चव्हाण से यह पूछा गया कि क्या उन्हें वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कोई फोन किया, तो उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया। पूर्व कांग्रेस विधान पार्षद अमरनाथ राजुरकर और मराठवाड़ा में उनके गृह जिले नांदेड़ से चव्हाण के कई समर्थक मुंबई आए और दक्षिण मुंबई में भाजपा कार्यालय में एकत्र हुए।
#WATCH | Former Maharashtra CM Ashok Chavan joins the BJP at the party's office in Mumbai. He recently quit Congress.
— ANI (@ANI) February 13, 2024
Former Congress MLC Amar Rajurkar also joined the BJP. pic.twitter.com/2833wY76am
पूर्व मुख्यमंत्री एस बी चव्हाण के बेटे अशोक चव्हाण (65) ने सोमवार को इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस छोड़ना उनका अपना फैसला है और उन्होंने अपने इस फैसले का कोई विशेष कारण नहीं बताया। महाराष्ट्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं बाबा सिद्दीकी और मिलिंद देवड़ा ने भी कुछ दिन पहले पार्टी छोड़ दी थी। चव्हाण मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ जिले के रहने वाले हैं। वह 2014-19 के दौरान कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख भी थे। उन्होंने भोकर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था और वह नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी रह चुके हैं।