लद्दाख में बढ़ेगा सीमा पर्यटन: हानले में रात को रुक पाएंगे विदेशी पर्यटक
punjabkesari.in Friday, Sep 29, 2023 - 11:59 PM (IST)

लेह/जम्मूः केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लद्दाख के हानले गांव में विदेशी पर्यटकों को रात में ठहरने की अनुमति दे दी है। मंत्रालय के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। हानले लद्दाख के चांगथांग पठार में अत्यधिक ऊंचाई पर स्थित एक गांव है। हानले गांव को भारत के पहले ''डार्क स्काई रिज़र्व'' के लिए जाना जाता है और यह अपने एकांत, अधिक ऊंचाई और न्यूनतम प्रकाश प्रदूषण के कारण उत्कृष्ट तारा-दर्शन की स्थिति प्रदान करता है।
पर्यटन लद्दाख के आयुक्त-सचिव काचो महबूब ने कहा, ‘‘ भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने हानले में विदेशी पर्यटकों के रात्रि प्रवास की अनुमति दे दी है। यह निर्णय चांगथांग क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देगा और केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटन स्थलों का दायरा बढ़ाएगा। ''
अधिकारी के मुताबिक हानले गांव 15 सितंबर तक विदेशी पर्यटकों के लिए वर्जित क्षेत्र था। केवल घरेलू पर्यटकों को अधिक ऊंचाई वाले इस गांव में जाने की अनुमति थी। यहां हानले वेधशाला स्थित है। यह कदम 'डार्क स्काई' पर्यटन में बढ़ती रुचि के अनुरूप है।