टीडीपी के पांच सांसद वेंकैया नायडू से मिले, अलग गुट के भाजपा में विलय को दी चुनौती

punjabkesari.in Friday, Jun 21, 2019 - 09:31 PM (IST)

नई दिल्लीः तेदेपा के पांच सांसदों ने शुक्रवार को राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू से भाजपा में शामिल होने वाले उनकी पार्टी के चार सांसदों को उच्च सदन की सदस्यता से अयोग्य ठहराने की मांग की। उल्लेखनीय है कि तेदेपा के चार राज्यसभा सदस्यों ने बृहस्पतिवार को भाजपा में शामिल होकर अपने दल के भाजपा में विलय की भी नायडू के समक्ष अर्जी पेश की थी।
PunjabKesari
सूत्रों के अनुसार तेदेपा के तीन लोकसभा और दो राज्यसभा सदस्यों ने नायडू से मुलाकात कर पार्टी से अलग हुये सांसदों की अर्जी को भी चुनौती देते हुये इसे अमान्य ठहराने की मांग की है।राज्यसभा सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि सभापति ने भाजपा और तेदेपा के विधायी दलों से जुड़े इस मामले को संज्ञान में लिया है जो दलबदल कानून की धारा चार के तहत पेश किया गया था। इस बीच राज्यसभा सचिवालय ने उच्च सदन में भाजपा और तेदेपा की सदस्य संख्या को आधिकारिक तौर पर अपडेट कर दिया है। राज्यसभा की वेबसाइट पर भी तेदेपा की सदस्य संख्या छह से घटकर अब दो कर दी गयी है। वहीं भाजपा की सदस्य संख्या 71 से बढ़कर 75 हो गयी है।
PunjabKesari
उल्लेखनीय है कि तेदेपा के तीन लोकसभा सदस्यों जयदेव गल्ला, श्रीनिवास केसिनेनी और के आर मोहन नायडू तथा राज्यसभा सदस्यों रवीन्द्र कुमार और थोटा सीतारामा लक्ष्मी ने सभापति नायडू से अनुरोध किया कि उन्हें भाजपा में शामिल होने वाले चारों सदस्यों को उच्च सदन की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर देना चाहिये।
PunjabKesari
भाजपा में शामिल होने वाले वाई एस चौधरी, सी एम रमेश, जी मोहन राव और टी जी वेंकटेश ने सभापति से उनके विधायी दल का भाजपा में विलय करने की मांग की थी। तेदेपा के सांसदों ने नायडू को भाजपा में शामिल होने वाले पार्टी सांसदों के खिलाफ कार्रवाई करने का मांग पत्र सौंपते हुये कहा कि राज्यसभा में पार्टी विधायी दल का भाजपा में विलय करने के लिये इन सदस्यों को कभी अधिकृत नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यह घटना उस समय हुयी है जब तेदेपा अध्यक्ष यूरोप दौरे पर हैं।
PunjabKesari
इस बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि तेदेपा सदस्यों के भाजपा में शामिल होने की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गयी और सभापति कार्यालय ने चारों नाम भाजपा के सदस्यों की सूची में शामिल करने के बारे में सूचित भी कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब इन सदस्यों को भाजपा सदस्य के रूप में मान्यता मिल गयी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News