केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव पर टूटा दुखों का पहाड़, पिता दाऊलाल वैष्णव ने जोधपुर एम्स में ली अंतिम सांस
punjabkesari.in Tuesday, Jul 08, 2025 - 02:39 PM (IST)

National Desk : केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊलाल वैष्णव का मंगलवार, 8 जुलाई 2025 की सुबह एम्स अस्पताल, जोधपुर में निधन हो गया। वे लंबे समय से सांस लेने में समस्या के चलते एम्स अस्पताल में भर्ती थे। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत गंभीर होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। जोधपुर एम्स ने एक मेडिकल बुलेटिन जारी कर बताया कि उन्होंने सुबह 11:52 बजे अंतिम सांस ली।
पाली जिले के जीवंत कला गांव के रहने वाले दाऊलाल वैष्णव अपने परिवार के साथ जोधपुर में बस गए थे। उनका निवास स्थान जोधपुर के भास्कर चौराहा के पास महावीर कॉलोनी, रातानाडा में है। दाऊलाल वैष्णव अपने गांव के सरपंच भी रह चुके थे और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उन्होंने जोधपुर में वकील और कर सलाहकार के रूप में भी लंबा समय कार्य किया।
जोधपुर में किया जाएगा अतिंम संस्कार
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज सुबह 10 बजे जोधपुर पहुंचे। वे एयरपोर्ट से सीधे एम्स अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने काफी देर तक मौन धारण कर अपने पिता को श्रद्धांजलि दी। केंद्रीय रेल मंत्री के पिता का अंतिम संस्कार आज जोधपुर में ही किया जाएगा। इसको लेकर परिजनों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया शोक व्यक्त
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रेल मंत्री के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "माननीय केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिताजी दाऊलाल वैष्णव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को संबल प्रदान करें।"
माननीय केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के पिताजी श्री दाऊ लाल वैष्णव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) July 8, 2025
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें।
ॐ शांति!…