क्रिकेट-फिल्म समेत पाकिस्तान के साथ सब रिश्ते खत्म करो, जवानों की शहादत पर बोले वीके सिंह

punjabkesari.in Thursday, Sep 14, 2023 - 02:50 PM (IST)

नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर में तीन जवानों की शहादत पर केंद्रीय मंत्री और पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह ने कहा कि पाकिस्तान को अलग-थलग करना ही होगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को यह पता चलना चाहिए कि हमारे साथ रिश्ते तभी सामान्य होंगे जब वह आतंकवाद को बढ़ावा देना छोड़ दे। वीके सिंह ने इंदौर संभाग में निकल रही जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान यह बातें कहीं।

पाकिस्तान को अलग-थलग करना होगा- सिंह 
केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा, "जब तक हम पाकिस्तान को अलग-थलग नहीं करेंगे उनके लिए यह सामान्य बात की तरह चलता रहेगा। वो कहेंगे ठीक है। बॉलीवुड वाले आ जाएंगे हमारे यहां, क्रिकेट खेलने वाले आ जाएंगे हमारे यहां। कहेंगे सब ठीक है। चंगा है जी, कोई दिक्कत नहीं है। अगर उसके ऊपर दबाव डालना है तो उसको अलग-थलग करना होगा। उनको पता चलना चाहिए कि आप नॉर्मल चीजों के अंदर हमारे साथ तब तक रिश्ता नहीं कर सकते जब तक आप खुद नॉर्मल नहीं होंगे।"

बता दें कि, जम्मू कश्मीर में अनंतनाग जिले में बुधवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में कर्नल मनप्रीत, मेजर आशीष और पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं भट शहीद हो गए थे। आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के छद्म समूह प्रतिबंधित रेजिस्टेंस फ्रंट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने पुलिस और सेना के बहादुर अधिकारियों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक संदेश में कहा कि दोषियों को जल्द ही न्याय के कठघरे में लाया जाएगा। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने अनंतनाग जिले में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों को ‘घेर' लिया है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News