Delhi Electricity Price Hike: 1 अप्रैल 2026 से महंगी हो सकती है बिजली, जानें नया रेट कार्ड

punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 11:08 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए एक अहम खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक आने वाले अप्रैल महीने से बिजली के दाम बढ़ सकते हैं। इसकी मुख्य वजह बिजली वितरण कंपनियों का हजारों करोड़ रुपये का बकाया है, जिसे चुकाने की तैयारी की जा रही है।

क्यों बढ़ सकते हैं बिजली के दाम?
दिल्ली सरकार पर तीन बिजली वितरण कंपनियों का करीब 38,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया है। अब इस राशि के भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी हो रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि बिजली की दरों में बढ़ोतरी की जा सकती है। सरकार यह भी कोशिश कर रही है कि इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों पर न पड़े। इसके लिए बिजली बिल पर सब्सिडी देने की योजना बनाई जा रही है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।


सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बढ़ी प्रक्रिया
दरअसल, पिछले साल अगस्त में सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि दिल्ली की तीन निजी बिजली वितरण कंपनियों बीआरपीएल, बीवाईपीएल और टीपीडीडीएल को सात साल के भीतर विनियामक परिसंपत्तियों के तहत करीब 27,200 करोड़ रुपये (वहन लागत सहित) का भुगतान किया जाए। इसी आदेश के बाद अब सरकार भुगतान की दिशा में कदम बढ़ा रही है।


किस कंपनी पर कितना बकाया?
मिली जानकारी के अनुसार:

  • बीआरपीएल पर लगभग 19,174 करोड़ रुपये
  • बीवाईपीएल पर करीब 12,333 करोड़ रुपये
  • टीपीडीडीएल पर लगभग 7,046 करोड़ रुपये
  • कुल मिलाकर यह राशि 38,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो जाती है।

    पहले क्यों नहीं बढ़े थे दाम?
    बताया जा रहा है कि पिछले करीब 10 सालों में दिल्ली में बिजली के दाम नहीं बढ़ाए गए थे। इस दौरान जो लागत बढ़ती रही, उसे आगे के लिए टाल दिया गया। अब वही बकाया रकम एक साथ सामने आ रही है, जिससे दरें बढ़ने की संभावना बन रही है।


    आम लोगों पर क्या असर पड़ेगा?
    पहले से ही महंगाई का सामना कर रहे लोगों के लिए यह खबर चिंता बढ़ाने वाली हो सकती है। गैस सिलेंडर की उपलब्धता और कीमतों को लेकर भी लोग परेशान हैं, और अगर बिजली महंगी होती है तो घरेलू बजट पर और दबाव बढ़ सकता है।सरकार का कहना है कि सब्सिडी के जरिए लोगों को राहत देने की कोशिश की जाएगी, लेकिन यह राहत कितनी प्रभावी होगी, यह आने वाले समय में ही साफ हो पाएगा।


    राजनीतिक असर भी संभव
    दिल्ली में सस्ती बिजली लंबे समय से एक बड़ा मुद्दा रही है। इसी के आधार पर सरकार ने लोगों का भरोसा जीता था। ऐसे में अगर बिजली के दाम बढ़ते हैं, तो इसका राजनीतिक असर भी देखने को मिल सकता है। कुल मिलाकर, अप्रैल से बिजली दरों में संभावित बढ़ोतरी को लेकर स्थिति पर सभी की नजर बनी हुई है, और लोगों को उम्मीद है कि सरकार उन्हें ज्यादा बोझ से बचाने के लिए ठोस कदम उठाएगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News