व्यवस्था की बदहाली, भारी बारिश में तिरपाल के नीचे हुआ बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार, गांव में मुक्तिधाम तक नहीं

punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 10:38 PM (IST)

नेशनल डेस्क: ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं के बड़े-बड़े दावों के बीच मैहर जिले के भड़रा गांव से प्रशासन को शर्मसार कर देने वाली एक तस्वीर सामने आई है। यहां व्यवस्था की बदहाली का आलम यह है कि गांव में मुक्तिधाम और टीन शेड जैसी आवश्यक सुविधाएं न होने के कारण एक 83 वर्षीय बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार मूसलाधार बारिश के बीच तिरपाल का सहारा लेकर करना पड़ा।

बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, ग्रामीणों ने ताना तिरपाल
जानकारी के मुताबिक, भड़रा गांव निवासी विश्वकर्मा समाज की 83 वर्षीय सरोज विश्वकर्मा, पत्नी स्वर्गीय शुभकरण विश्वकर्मा का निधन हो गया था। जब परिजन और ग्रामीण उनके अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कर रहे थे, तभी अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। मुक्तिधाम न होने के कारण लोग खुले पहाड़ी इलाके में दाह संस्कार करने को मजबूर थे। बारिश से चिता को बचाने के लिए ग्रामीणों ने आनन-फानन में तिरपाल ताना और उसी के नीचे भीगते हुए सभी धार्मिक रीति-रिवाजों को पूरा किया।

वीडियो वायरल कर प्रशासन तक पहुंचाई गुहार
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसे ग्रामीणों ने खुद बनाकर प्रशासन तक अपनी समस्या पहुंचाने की कोशिश की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आज तक मुक्तिधाम का निर्माण नहीं कराया गया है, जिससे गर्मी और बरसात दोनों मौसम में उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

जल्द बनेगा मुक्तिधाम: जिला पंचायत सीईओ
इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मुक्तिधाम, टीन शेड और बैठने की व्यवस्था करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह ने कहा है कि उन्हें इस घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्राम पंचायत से चर्चा कर उचित स्थान पर जल्द ही मुक्तिधाम का निर्माण और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि भविष्य में किसी को ऐसी परेशानी न झेलनी पड़े।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News