Rain Alert: दिल्ली में 92 Kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश का IMD ने जारी किया Red Alert
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 04:57 PM (IST)
नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार दोपहर मौसम अचानक बदल गया। शहर के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली, जिसके बाद IMD ने गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने और बारिश के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया।

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में धूल भरी आंधी के बाद हल्की से मध्यम बारिश, बिजली कड़कने और 70-90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पालम में अपराह्न ढाई बजे हवा की रफ्तार 50 नॉट (92 किमी/घंटा) दर्ज की गई। शहर के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश, बिजली कड़कने और 60-70 किमी/घंटा (जो 80 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है) की तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम विशेषज्ञों ने अचानक आए इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ को बताया है जो हिमालयी क्षेत्र पर असर डाल रहा है। उन्होंने कहा कि मंगलवार से इसका असर कम होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है। शहर में सुबह के समय भी हल्की बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
