द्रौपदी मुर्मू बनीं देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति, वहीं विपक्ष की एकजुटता को झटका, उपराष्‍ट्रपति चुनाव में हिस्‍सा नहीं लेगी TMC, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Jul 22, 2022 - 05:29 AM (IST)

नई दिल्लीः देश को नया राष्ट्रपति मिल गया है। राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू ने जीत हासिल की है। इसके साथ ही वह 15वीं राष्ट्रपति बनी हैं। तीसरे राउंड की काउंटिंग में ही द्रौपदी मुर्मू ने जीत हासिल कर ली थी। बता दें कि वह देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति भी बनी हैं। द्रौपदी मुर्मू को कुल 5 लाख, 77 हजार, 777 वोट मिले। 
PunjabKesari
उधर, उपराष्‍ट्रपति चुनाव में विपक्ष की एकजुटता को बड़ा झटका लगा है। राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करने वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने उपराष्ट्रपति चुनाव से दूर रहने का निर्णय किया है। ममता बनर्जी की पार्टी राजग व विपक्ष, दोनों के ही उम्मीदवार का समर्थन नहीं करेगी। वह मतदान में ही हिस्सा नहीं लेगी। 

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें- 

दिल्ली में आज से 'हर घर तिरंगा' अभियान की होगी शुरुआत 
इस साल देश आजादी का 75वां दिवस मनाने जा रहा है। इस स्वतंत्रता दिवस को ऐतिहासिक बनाने के लिए केंद्र से लेकर राज्य सरकारें जुटी हुई हैं। राजधानी दिल्ली में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। दरअसल, 'आजादी के अमृत महोत्सव' के ऐतिहासिक अवसर पर दिल्ली को राष्ट्रीय ध्वज के रंग में रंग जाएगी। आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर 'हर घर तिरंगा' अभियान की शुरूआत 22 जुलाई से हो रही है। इसके लिए उपराज्यपाल ने अभियान को स्मरणीय बनाने के लिए निर्देश जारी किए है। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद, दिल्ली नगर निगम और डीडीए, प्रमुख सड़कों और महत्वपूर्ण बाजारों को तिरंगामय कर देंगे।

सोनिया गांधी से गुरुवार की पूछताछ खत्म, ईडी ने 25 जुलाई को फिर बुलाया  
कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से गुरुवार को नेशनल हेराल्ड केस में पहले दिन की पूछताछ की जा चुकी है। अब उन्हें 25 जुलाई को ईडी के समक्ष फिर पेश होना है। पहले दिन वह अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ ईडी दफ्तर पहुंचीं थीं। जांच एजेंसी ने प्रियंका के वहां रुकने की इजाजत दे दी थी। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन किया। मीडिया रिपोर्ट्स हैं कि प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में कार फूंकी और शिवाजी ब्रिज पर तीन ट्रेनें रोक दी। पुलिस ने भी 6 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। 

दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान में बम होने की सूचना देकर फैलाई दहशत, यात्री हिरासत में
बिहार से दिल्ली जाने वाली उड़ान में बम होने की सूचना मिलने के बाद सभी यात्रियों को पटना हवाईअड्डे पर इंडिगो फ्लाइट (6e 2126) से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और पुलिस मौके पर पहुंचकर विमान की जांच कर रहे हैं। वहीं जिस यात्री ने दावा किया था कि पटना हवाई अड्डे पर उसके बैग में बम है, उसे हिरासत में लिया गया है।

पगड़ी में 13 हजार डॉलर छुपाकर बैंकाक जा रहे 3 लोग गिरफ्तार 
कस्टम विभाग ने मंगलवार को कोलकाता हवाई अड्डे पर 42,000 डॉलर के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक आरोपी ने 13,000 डॉलर के नोट अपनी पगड़ी में छिपा रखा था। वीडियो में एक व्यक्ति को काले रंग की पगड़ी खोलते हुए और डॉलर के नोट निकालकर कस्टम अधिकारियों को सौंपते हुए देखा जा सकता है। अधिकारियों ने कोलकाता हवाई अड्डे पर किशन निगम, कृष्णा और जतिंदर सिंह को संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद रोका। तीनों फ्लाइट SG742 से बैंकॉक जा रहे थे, जहां इमिग्रेशन जांच के बाद उन्हें रोक दिया गया। 

यशवंत सिन्हा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जीत पर दी बधाई
द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति बन गई हैं। उन्होंने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को बड़े अंतर से हराया। इस जीत के बाद हर तरफ से उन्हें बधाई दी जा रही है। यशवंत सिन्हा ने भी द्रौपदी मुर्मू को जीत पर बधाई दी और कहा कि मुझे उम्मीद है वो बिना किसी डर या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में काम करेंगी। 

अगला नंबर बापू का... सिद्धू मूसेवाला के पिता को पाकिस्तान से मिली धमकी 
सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता को जान से मारने की धमकी मिली है। सिद्धू मूसेवाला के पिता को एक पोस्ट के जरिए ये धमकी दी गई है। उस धमकी में लिखा है- अगला नंबर बापू का। सिद्धू मूसेवाला के पिता के मुताबिक सिंगर के कुछ दोस्तों ने उन्हें बताया की इंस्टाग्राम पर पाकिस्तान से एक पोस्ट किया गया है। उसी पोस्ट में ये धमकी दी गई है। इंस्ट्राग्राम पर लिखा गया है...अगला नंबर बापू का'. मूसेवाला के पिता ने इस धमकी की जानकारी पुलिस को दे दी है और आगे की जांच की जा रही है। 

कोविंद रविवार को राष्ट्रपति भवन को कहेंगे अलविदा 
जमीनी स्तर के नेता से लेकर देश के शीर्ष पद राष्ट्रपति तक का सफर तय करने वाले रामनाथ कोविंद समाज में समतावाद और समग्रता के पैरोकार रहे हैं। देश के 14वें राष्ट्रपति के तौर पर 25 जुलाई 2017 को शपथ लेने वाले कोविंद पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद रविवार को राष्ट्रपति भवन से विदाई लेंगे। उनके कार्यकाल के दौरान ही कोरोना वायरस महामारी का अप्रत्याशित दौर आया। कोविंद ने जमीनी स्तर से लेकर शीर्ष न्यायालय व संसद तक कार्य के अपने वृहद अनुभव से राष्ट्रपति कार्यालय को समृद्ध किया।


 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News