Delhi Noida Flyway: लगभग 24 दिनों तक रात के समय बंद रहेगा फ्लाईवे, चेक करें Timing और ट्रैफिक एडवाइजरी
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 01:33 PM (IST)
नेशनल डेस्क: अगर आप Delhi और Noida के बीच रोजाना सफर करते हैं, तो अगले कुछ दिन आपकी रातों की नींद और सफर का गणित बिगाड़ सकते हैं। दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट फ्लाई-वे (DND) पर मरम्मत का बड़ा काम शुरू होने जा रहा है, जिसकी वजह से ट्रैफिक पुलिस ने रूट में बड़े बदलाव किए हैं। यह पाबंदी 22 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च 2026 तक (करीब 24 दिन) जारी रहेगी।
7 घंटे के लिए थम जाएगी रफ्तार
सड़क की हालत सुधारने और उसे नया जैसा बनाने के लिए प्रशासन ने रात का वक्त चुना है। हर रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक DND फ्लाई-वे पर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह बंद या डायवर्ट रहेगी। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि मरम्मत का काम carriage-way पर होना है, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से रात के इन 7 घंटों में ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर मोड़ना जरूरी है। हालांकि, दिन के समय पीक ऑवर्स में लोगों को राहत रहेगी।
इन रास्तों का करना होगा इस्तेमाल
जाम के झाम से बचने के लिए Traffic Police ने दो खास वैकल्पिक रास्ते सुझाए हैं। अगर आप महामाया की तरफ से दिल्ली जाने की सोच रहे हैं, तो 18 मार्च तक आपको दलित प्रेरणा स्थल से सीधा रास्ता पकड़कर चिल्ला बॉर्डर के जरिए दिल्ली में दाखिल होना होगा। वहीं, जो लोग रजनीगंधा या Sector-16 की तरफ से DND टोल की ओर बढ़ेंगे, उन्हें Toll से ही U-Turn लेना पड़ेगा और चिल्ला होकर अपनी मंजिल तक पहुंचना होगा।

सावधानी में ही समझदारी
ट्रैफिक विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना इन बदलावों को ध्यान में रखकर ही बनाएं। रात के समय DND का रुख करने के बजाय चिल्ला बॉर्डर वाले रास्ते का चुनाव करना ही बेहतर होगा ताकि आप बिना किसी परेशानी के समय पर पहुंच सकें। प्रशासन का लक्ष्य 18 मार्च तक इस काम को पूरा कर सड़क की गुणवत्ता में सुधार करना है।
