70 से ज्यादा घर तबाह, 2 लोगों की मौत... ओडिशा में भयंकर तूफान ने मचाई तबाही
punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 10:37 PM (IST)
नेशनल डेस्क : ओडिशा के Mayurbhanj जिले में रविवार को आए अचानक तेज तूफान ने भारी तबाही मचा दी। करंजिया इलाके में आए प्रचंड ‘नॉरवेस्टर’ यानी कालबैसाखी तूफान के कारण कई गांवों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। तेज हवाओं और चक्रवाती झोंकों के चलते दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिले के किया गांव में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। अचानक उठे बवंडर जैसी तेज हवाओं ने कच्चे और फूस के बने घरों को बुरी तरह प्रभावित किया। शुरुआती आकलन में करीब 70 से अधिक मकानों के पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।
2 लोगों की मौत, कई घायल
तूफान की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए है। घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर करने की तैयारी की जा रही है। तूफान के दौरान तेज हवाओं के कारण कई बड़े पेड़ और बिजली के खंभे भी गिर गए, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तूफान में तालाब में जा गिरा ऑटो-रिक्शा
इस दौरान एक हैरान करने वाली घटना भी सामने आई, जब तेज हवाओं के झोंकों से एक ऑटो-रिक्शा उछलकर पास के तालाब में जा गिरा। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
प्रशासन ने शुरू किया नुकसान का आकलन
तूफान के बाद स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर हालात का जायजा ले रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित परिवारों को राहत देने और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
आने वाले दिनों में भी मौसम रहेगा अस्थिर
मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा में 15 से 19 मार्च के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
