कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली-NCR... IGI एयरपोर्ट पर 220 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित, 40 फ्लाईट्स कैंसिल

punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 11:38 AM (IST)

नेशनल डेस्क : दिल्ली-NCR में एक बार फिर घने कोहरे ने जनजीवन और यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। देर रात से छाए कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई, वहीं इसका सबसे ज्यादा असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर देखने को मिला।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के रनवे पर दृश्यता बेहद कम रही। कई जगहों पर विजिबिलिटी शून्य से 50 मीटर के बीच दर्ज की गई, जिससे उड़ानों का संचालन बाधित हो गया। खराब मौसम के चलते अब तक 220 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हो रही हैं। वहीं सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए करीब 40 उड़ानों को रद्द करना पड़ा।

कम दृश्यता के कारण कुछ विमानों को अन्य शहरों की ओर मोड़ दिया गया। बताया गया है कि लगभग 10 उड़ानों को जयपुर, अहमदाबाद और लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। उड़ानों में देरी और रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई यात्री घंटों तक एयरपोर्ट पर इंतजार करते नजर आए।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में DGCA के नियमों और मौसम की मार के कारण IGI एयरपोर्ट का संचालन पहले भी प्रभावित हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, ऐसे में यात्रियों को सफर से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News