BCI के चेयरमैन से इस्तीफे की मांग, मनन मिश्रा ने को-चेयरमैन के आरोपों को खारिज किया
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 04:25 PM (IST)
नई दिल्ली: बार काउंसिल ऑफ़ इंडिया के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने शनिवार को BCI के को-चेयरमैन YR सदाशिव रेड्डी के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि इन दावों में "कोई दम नहीं है" और ट्रस्ट के खातों की जांच कराने की बात कही। मनन कुमार मिश्रा ने कहा, "अगर कुछ लोग बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं, चाहे वे किसी ट्रस्ट के बारे में हों या किसी रिश्तेदार की नियुक्ति के बारे में हो तो उनमें कोई सच्चाई नहीं है। ये बेबुनियाद दावे अब सामने आ रहे हैं।"
आज इससे पहले, बार काउंसिल ऑफ़ इंडिया (BCI) के को-चेयरमैन और सीनियर वकील YR सदाशिव रेड्डी ने मिश्रा से तुरंत इस्तीफ़ा देने की मांग की। उन्होंने काउंसिल में नियुक्तियों में गड़बड़ी, फ़ंड के गलत इस्तेमाल और कामकाज में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया।
पत्र लिखकर मांगा इस्तीफा
22 अगस्त को मिश्रा को लिखे एक पत्र में, को-चेयरमैन रेड्डी ने उनसे इस्तीफ़ा मांगा और इन आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने नोटिस में उठाए गए मुद्दों पर विचार करने के लिए BCI की एक विशेष बैठक बुलाने की भी मांग की।
‘जब तक आप पद पर रहेंगे, संस्था सुधर नहीं पाएगी’
चेयरमैन को लिखे पत्र में वाईआर सदाशिव रेड्डी ने कहा कि उनकी चेयरमैन से कोई निजी दुश्मनी नहीं है और दोनों करीब एक दशक तक काउंसिल में साथ काम किया है। इसके बावजूद उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा नेतृत्व के रहते संस्था में सुधार संभव नहीं होगा। रेड्डी ने अपने पत्र के अंत में कहा कि देश का बार BCI से जो कुछ अभी हासिल कर रहा है, उससे कहीं बेहतर का हकदार है और मिश्रा को इस्तीफा देकर संस्था को सुधार का अवसर देना चाहिए।
