दीपके ने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी को हटाने की मांग की, कहा ''दिल्ली पुलिस जैसा व्यवहार मत करो''
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 11:34 PM (IST)
नेशनल डेस्क : कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संयोजक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को अपने आवास पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एक उपनिरीक्षक पर उनसे मिलने आने वाले लोगों को रोकने का आरोप लगाते उसे वहां से हटाने की मांग की।
दीपके ने आरोप लगाया कि संबंधित पुलिस अधिकारी आगंतुकों के साथ ''सख्त'' व्यवहार करता है और उनके आवास पर आने-जाने वाले लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने तथा निगरानी करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने धमकियां मिलने और उनके आवास पर जुटने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा उपलब्ध कराए जाने का जिक्र करते हुए यह भी आरोप लगाया कि राज्य सीआईडी के सादे कपड़ों में तैनात कर्मी उनके घर के आसपास घूमते हैं और बाद में 'हिट स्प्रे' नाम के सोशल मीडिया समूह में इसकी जानकारी साझा करते हैं।
सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें कॉजपा संस्थापक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी से फोन पर और अपने आवास पर तैनात एक उपनिरीक्षक से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दीपके सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक को फटकार लगाते हुए और उसे अपने आवास की सुरक्षा ड्यूटी से हटाने की मांग करते हुए सुनाई देते हैं।
एक वीडियो में सादे कपड़ों में मौजूद उपनिरीक्षक से दीपके कहते सुनाई देते हैं, ''जब मैं लोगों को खुद अपने घर बुला रहा हूं तो उन्हें अंदर आने देने में क्या दिक्कत है? आप दिल्ली पुलिस की तरह व्यवहार क्यों कर रहे हैं? आज तक कोई समस्या नहीं हुई। मैं आपको पहली बार देख रहा हूं। पुलिस मुझे यह नहीं बताएगी कि मुझे किससे मिलना है और किससे नहीं।'' दीपके (30) ने उपनिरीक्षक से कहा, ''आप कृपया बाहर जाइए। मैं आपको अपने घर में नहीं चाहता।'' उपनिरीक्षक की पहचान सुरेश के रूप में हुई है।
