बरेली में थाने के गेट पर डिलीवरी बॉय ने किया आत्मदाह का प्रयास, अस्पताल में भर्ती

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 04:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में दुर्घटना के एक मामले पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल जब्त कर लिये जाने से क्षुब्ध आपूर्तिकर्ता कंपनी के एक प्रतिनिधि ने थाने के गेट के सामने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) मानुष पारीक ने बताया कि मंगलवार की रात करीब साढ़े 10 बजे फतेहगंज पश्चिमी नगर पंचायत क्षेत्र निवासी अक्षय कश्यप नामक कंपनी प्रतिनिधि ने थाने के गेट पर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। 

पारीक ने बताया कि कश्यप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि उसका पेट, पीठ, चेहरा और हाथ बुरी तरह झुलस गए हैं मगर उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। उन्होंने बताया कि आग की लपटों से घिरे कंपनी प्रतिनिधि को देख कर थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने फौरन आग बुझाई और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कश्यप बरेली में कोतवाली के पीछे किराए के मकान में रहता है। 

पारीक के मुताबिक कश्यप का कहना है कि वह सोमवार रात करीब आठ बजे गंगापुर में सामान की डिलीवरी देने आया था, वहां उसकी बाइक एक दुकान के बाहर खड़ी थी जिसमें उसने चाभी लगाकर छोड़ दी थी। कश्यप के मुताबिक इसी दौरान संजय नगर निवासी विकास सागर ने उसकी मोटरसाइकिल लेकर भागने की कोशिश में आकाश नाम के एक युवक को टक्कर मार दी थी जिससे वह घायल हो गया था। 

कश्यप का कहना है कि इस घटना के बाद मौके पर पहुंची बारादरी थाने की पुलिस उसकी मोटरसाइकिल को थाने ले आई थी, जिसकी वजह से उसका सामान डिलीवरी का काम ठप हो गया था। कश्यप का कहना है कि उसने अपनी मोटरसाइकिल छुड़वाने के लिए कई बार थाने में गुहार लगाई लेकिन उसे उसकी गाड़ी वापस नहीं दी गई। 

पारीक ने बताया कि अक्षय की मोटरसाइकिल थाने में ही खड़ी है और उसे बताया गया था कि अगर टक्कर के मामले में कोई शिकायत नहीं हुई तो मोटरसाइकिल एक-दो दिन में मिल जाएगी लेकिन अगर शिकायत होती है तो अदालत से छुड़वानी पड़ेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जो भी पुलिसकर्मी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई भी होगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News