आखिरकार 30 घंटे की देरी बाद रवाना हुई एयर इंडिया की दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को फ्लाइट, यात्रियों का हुआ बुरा हाल

punjabkesari.in Saturday, Jun 01, 2024 - 12:05 AM (IST)

नेशनल डेस्कः सैन फ्रांसिस्को जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान के 200 से अधिक यात्रियों को दिल्ली हवाई अड्डे पर परेशानी का सामना करना पड़ा। इसमें तकनीकी खराबी, वातानुकूलन के काम न करने और पेलोड संबंधी समस्याओं के कारण उड़ान ने 30 घंटे से अधिक समय की देरी के बाद उड़ान भरी। मामले से जुड़े सूत्रों ने जानकारी दी कि गुरूवार की शाम में कई बार विमान के समय में बदलाव किया गया, जिससे बुजुर्ग और बच्चे सहित सभी यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि रात 9:55 बजे विमान संख्या एआई 1183 ने उड़ान भरी।

सूत्रों ने बताया कि विमान में 200 से अधिक यात्री सवार थे, लेकिन इनमें से 21 यात्री शुक्रवार रात को विमान से उतर गए थे। सूत्रों ने बताया कि चूंकि सैन फ्रांसिस्को में रात में विमान उतारने पर प्रतिबंध है, इसलिए एयर इंडिया के अधिकारियों ने वहां विमान उतारने के लिए आवश्यक अनुमति ली है। विमान को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने में 16 घंटे का समय लगेगा और जब तक यह अमेरिकी शहर में उतरेगा तब तक वहां रात हो जाएगी।

सूत्रों ने बताया कि सैन फ्रांसिस्को जाने वाले विमान को बृहस्पतिवार दोपहर बाद लगभग 3:30 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन इसे लगभग 6 घंटे की देरी के बाद शुक्रवार के लिए पुनर्निर्धारित किया गया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बोइंग 777 विमान के उड़ान के लिए पहले सुबह 11 बजे का समय तय किया गया था, लेकिन फिर से इसे बदलकर दोपहर तीन बजे कर दिया गया। फिर इसके बाद विमान का समय दोबारा से 5:45 तय किया गया। अंतत: इसने रात में उड़ान भरी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News