दिल्ली: गर्मी से बेहाल लोगों को बारिश ने दी राहत, तापमान में आई गिरावट
punjabkesari.in Saturday, Apr 19, 2025 - 03:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली के उत्तरी, पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों जैसे बुराड़ी, रोहिणी, बादली, मॉडल टाउन और करावल नगर में मध्यम दर्जे की बारिश हुई। इस दौरान तेज हवाएं चलीं और गरज-चमक भी देखने को मिली, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से अधिक था। बारिश के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
वीकेंड पर सुहाने मौसम का अनुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने वीकेंड पर भी मौसम सुहाना रहने का अनुमान जताया है। शनिवार और रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक और धूल भरी आंधी भी चल सकती है। हवा की गति 40 से 50 किमी/घंटा तक रहने का अनुमान है, जो कुछ इलाकों में 60 किमी/घंटा तक भी पहुंच सकती है।
तापमान में गिरावट की संभावना
शनिवार को दिल्ली के तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि, बारिश के बावजूद वायु गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद कम है। शुक्रवार दोपहर को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स दर्ज किया गया था, जो 'खराब' श्रेणी में आता है।
आज दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी 19 अप्रैल को दिल्ली में दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे। शाम के समय घने बादल छा सकते हैं और तेज आंधी-तूफान आने की संभावना है। शनिवार को तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसके दौरान हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 अप्रैल से मौसम साफ हो जाएगा।