दिल्ली-UP वाले घनघोर कोहरे और शीतलहर के लिए रहिए तैयार, पहाड़ी इलाकों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

punjabkesari.in Tuesday, Dec 23, 2025 - 05:55 AM (IST)

नेशनल डेस्कः उत्तर भारत के अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार को कड़ाके की सर्दी की स्थिति रही, हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहा। दिल्ली में कुछ समय के लिए कोहरे के कारण दृश्यता बाधित रही, साथ ही उत्तर प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों में भी ऐसी स्थिति रही। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 27 दिसंबर तक उत्तरी राज्यों में घने से बहुत घने कोहरे का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी के अनुसार, राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 16 से 18 डिग्री सेल्सियस और 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक था, जबकि अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से कम था। 

मौसम विभाग ने बताया कि पालम में सुबह आठ बजे मध्यम कोहरे के कारण दृश्यता सबसे कम 150 मीटर दर्ज की गई और धीरे-धीरे इसमें सुधार होने के बाद सुबह 9:30 बजे तक 400 मीटर हो गई। क्रिसमस के दिन (25 दिसंबर) दिल्ली में तापमान 'सामान्य के करीब' रहने का अनुमान है, आसमान ज्यादातर साफ रहेगा और सुबह के समय हल्का कोहरा रहने का पूर्वानुमान है। पंजाब और हरियाणा में सोमवार को भी शीतलहर का असर जारी रहा, हालांकि कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से कुछ डिग्री अधिक था। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, अमृतसर में न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में न्यूनतम तापमान औसत से एक डिग्री अधिक 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। 

हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 8.9 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 9 डिग्री सेल्सियस रहा। कश्मीर में हाल में हुई वर्षा के कारण रात के तापमान में वृद्धि और दिन के तापमान में गिरावट आई है और मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों में बर्फबारी या बारिश का पूर्वानुमान जताया है। 

मौसम विभाग ने कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में स्थानीय मौसम विज्ञान स्टेशन ने भाखड़ा बांध (बिलासपुर) के जलाशय क्षेत्र के कुछ हिस्सों, ऊना जिले के कुछ हिस्सों और बल्ह घाटी (मंडी) के कुछ हिस्सों में 26 दिसंबर तक सुबह तड़के या सुबह और देर रात के दौरान घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। 

शिमला मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि 28 दिसंबर को ऊंचे पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी और बारिश हो सकती है। जम्मू कश्मीर में 23 से 27 दिसंबर और फिर 28 दिसंबर को छिटपुट से लेकर काफी व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 22 और 28 दिसंबर को अलग-अलग स्थानों पर छिटपुट बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। 

मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार सुबह राजस्थान के कुछ हिस्सों में छिटपुट से लेकर घना कोहरा छाया रहा। उन्होंने बताया कि पाली में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सिरोही में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, रात और सुबह के समय (विशेष रूप से पंजाब में 27 दिसंबर तक और उत्तर प्रदेश में 23 दिसंबर तक) साथ ही 25 से 28 दिसंबर तक घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति रहने का पूर्वानुमान है। 

वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 24 से 27 दिसंबर तक भी यही स्थिति रहेगी। इसके अलावा, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के कुछ अलग-थलग इलाकों में 22 से 27 दिसंबर तक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 22 से 29 दिसंबर तक और बिहार और ओडिशा में 22 से 27 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। राजस्थान, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तरी मध्य प्रदेश में भी 23 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News