बहन की शादी के बाद अपनी ही गैंग का बन गया दुश्मन, पुलिस के हत्थे चढ़ा

punjabkesari.in Thursday, Sep 14, 2017 - 04:40 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के मॉस्ट वांटेड अपराधी सोनू दरियापुर को आज गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोनू दरियापुर आज सुबह नरेला से गिरफ्तार किया गया है। उस पर दिल्ली पुलिस ने पांच लाख रुपए का जबकि हरियाणा पुलिस एक लाख रुपए का इनाम रखा था। उस पर दिल्ली और हरियाणा में हत्या, हत्या की कोशिश, लूट आदि के कई मामले दर्ज हैं। 

पुलिस ने बताया कि सोनू पर बाहरी दिल्ली के मियांवली नगर में 30 अप्रैल को गैंगेस्टर मोनू दरियापुर, उसके निजी सुरक्षा अधिकारी, दिल्ली पुलिस के ए.एस.आई. विजय कुमार और कांस्टेबल कुलदीप तथा दो अन्य लोगों अरुण शास्त्री तथा योगेश पर हमला हुआ था। कुछ सशस्त्र बदमाशों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं थीं जिसमें मोनू, विजय कुमार और शास्त्री मारे गए थे और दो अन्य घायल हो गए थे। 

मोनू पहले सोनू दरियापुर के गैंग का ही सदस्य था। दोनों अच्छे दोस्त भी थे लेकिन मोनू ने सोनू की रिश्ते की बहन के साथ विवाह कर लिया था जिसके बाद दोनों के बीच मतभेद हो गए थे। इसके बाद ही सोनू ने मोनू की हत्या करने की ठान ली थी। सोनू ने अपने सहयोगियों के साथ मिल कर 2006 में भी उस कार पर गोलियां बरसाईं थीं जिसमें मोनू और उसकी पत्नी जा रहे थे। इस घटना में कार चालक मारा गया था और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना के बाद उन्हें दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा मुहैया कराई थी।  सोनू ने अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिल कर मोनू की हत्या करने की साजिश रची और 30 अप्रैल को उसने उसकी हत्या कर दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News