Delhi Hotel Fire Update: पुलिस ने की पूछताछ, 6 कमरों की अनुमति पर चल रहे थे 25 कमरे, उड़ी नियमों की धज्जियां

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 11:46 AM (IST)

Delhi Malviya Nagar Hotel Fire Accident : दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह 'फ्लरिश स्टे बी एंड बी' (Flourish Stay B&B) होटल में लगी भीषण आग के बाद अब जांच एजेंसियों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की जान जा चुकी है और दर्जनों लोग गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं। वहीं आज दिल्ली पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स (FSL) की टीमों ने पूरी इमारत को सील कर सबूत जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि आखिर किस लापरवाही के कारण इतने बड़े पैमाने पर लोगों की जान गई।

इस मौके पर अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ता भवन निर्माण नियमों के कथित उल्लंघन, अग्नि सुरक्षा में चूक, अवैध निर्माण और उन परिस्थितियों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं जिनके कारण इतनी अधिक मौतें हुईं। पुलिस अधिकारी ने बताया जांच के तहत स्थानीय निवासियों, दुकानदारों, होटल कर्मचारियों और अन्य गवाहों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया और गैर इरादतन हत्या समेत कई आरोपों के तहत उस पर मामला दर्ज किया। 

PunjabKesari

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), 326(जी) (आग लगाकर नुकसान पहुंचाना), 324(5) (संपत्ति को नुकसान पहुंचाना), 125(ए) (मानव जीवन और सुरक्षा को खतरे में डालने वाले लापरवाही से किए गए कृत्य के लिए दंड), 125(बी) (लापरवाही से गंभीर चोट पहुंचाना) और 287 (आग के संबंध में लापरवाही भरा आचरण) के तहत मामला दर्ज किया है। 

यह भी पढ़ें: Railway का बड़ा कदम: अब ट्रेनों में मिलेगा घर जैसा शुद्ध खाना, AI रखेगा सफाई पर नजर, गंदगी मिली तो लगेगा जुर्माना

जांचकर्ताओं के अनुसार होटल को केवल छह कमरों के लिए अनुमति प्राप्त थी लेकिन आरोप है कि इसमें लगभग 25 कमरे थे। अधिकारी इस बात की भी पुष्टि कर रहे हैं कि आवश्यक अनुमतियों के बिना अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण किया गया था। इमारत के लिए अग्नि सुरक्षा अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी कथित तौर पर नहीं था जो अधिकारियों के अनुसार निर्धारित ऊंचाई सीमा से अधिक होने पर अनिवार्य होता है। 

PunjabKesari

जांचकर्ता इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या बंद खिड़कियों, एक ही प्रवेश-निकास द्वार और सेंसर से चलने वाले मुख्य दरवाजे ने बचाव प्रयासों में बाधा डाली। बुधवार सुबह 'फ्लरिश स्टे बी एंड बी' में आग लग गई जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग झुलस गए। 

PunjabKesari

इस हादसे में जान गंवाने वाले कई विदेशी नागरिक थे जो पास के अस्पतालों में इलाज करा रहे अपने रिश्तेदारों की तीमारदारी के लिए आए थे और होटल में ठहरे हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने का कारण अब तक पता नहीं चल पाया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News