शशि थरूर होटल की लिफ्ट में फंसे, रेस्क्यू टीम ने स्प्रेडर से कांग्रेस सांसद को बाहर निकाला, देखें Video

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 12:01 AM (IST)

नेशनल डेस्कः कांग्रेस सांसद शशि थरूर शुक्रवार शाम यहां एक होटल की लिफ्ट में कई मिनट तक फंसे रहे, हालांकि बाद में अग्निशमन एवं बचाव कर्मियों ने उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया। वह एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए होटल में गये थे। तिरुवनंतपुरम अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि शाम 7:37 बजे उन्हें सूचना मिली कि सांसद होटल की लिफ्ट में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही अग्निशमन कर्मियों का एक दल तुरंत रवाना हो गया।

टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित दृश्य में यह देखने को मिला कि शुरुआत में कुछ लोग लोहे की छड़ की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें इसमें सफलता नहीं मिली। अग्निशमन कर्मियों के पहुंचने के बाद अधिकारियों ने 'हाइड्रोलिक स्प्रेडर' की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोलकर शाम करीब 7:51 बजे थरूर और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों को सकुशल बाहर निकाला। दरवाजा खोले जाने पर पता चला कि लिफ्ट अपनी निर्धारित मंजिल तक पूरी तरह नहीं पहुंची थी। लिफ्ट से बाहर निकलते ही मुस्कुराते हुए थरूर ने अग्निशमन कर्मियों का शुक्रिया अदा किया।

उन्होंने कहा, "आप सभी का धन्यवाद। आपने बहुत अच्छा काम किया है।'' अधिकारियों ने जब उनसे पूछा कि क्या वह ठीक हैं, तो थरूर ने जवाब दिया कि लिफ्ट में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं। थरूर ने पत्रकारों को बताया कि पहले लिफ्ट के मैकेनिक को बुलाया गया था, लेकिन वे कुछ नहीं कर सके। इसके बाद होटल के कर्मचारियों ने भी कोशिश की, लेकिन जब वे भी कोई मदद नहीं कर पाए तो अग्निशमन कर्मियों को बुलाने का निर्णय लिया गया।

उन्होंने कहा, ''अग्निशमन एवं बचाव सेवा के बारे में मेरी पहले से अच्छी राय रही है। यहां के अधिकारियों ने शानदार काम किया। वे पांच मिनट के भीतर पहुंच गए। बहुत अच्छा, आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद।'' थरूर ने यह भी कहा कि यदि अधिकारियों के पास समय हो तो वे जाने से पहले चाय पी लें। हालांकि, अग्निशमन कर्मियों ने विनम्रतापूर्वक इनकार कर दिया और कांग्रेस सांसद से हाथ मिलाकर वहां से रवाना हो गए। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News