पुलिस-वकील झड़प: उच्च न्यायालय ने दो पुलिसकर्मियों को दी गिरफ्तारी से अंतरिम राहत

punjabkesari.in Friday, Nov 15, 2019 - 05:07 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली उच्च न्यायालय ने तीस हजारी अदालत में पुलिस और वकीलों के बीच हुई झड़प के मामले में दो पुलिस अधिकारियों को शुक्रवार को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी। झड़प के मामले में इन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज है। दो सहायक पुलिस उप निरीक्षकों की याचिका पर मुख्य न्यायाधीश डीएन पटेल और न्यायमूर्ति सी हरिशंकर की पीठ ने केंद्र, दिल्ली पुलिस, बार काउंसिल ऑफ इंडिया और अन्य बार संगठनों से जवाब मांगा है। 


पुलिसकर्मियों ने अपनी याचिका में घटना की न्यायिक जांच जारी रहने तक गिरफ्तारी से छूट की मांग की थी। अदालत ने कहा कि सुनवाई की अगली तारीख 23 दिसंबर तक दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाए। पुलिसकर्मी कांता प्रसाद और पवन कुमार को घटना के बाद निलंबित कर दिया गया था। तीस हजारी अदालत परिसर में दो नवंबर को पार्किंग को लेकर ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी और एक वकील के बीच शुरू हुआ विवाद दोनों पक्षों के बीच झड़प में बदल गया था। इस झड़प में 20 पुलिसकर्मी और कुछ वकील घायल हो गए थे। 
 

इस झड़प के खिलाफ चार नवंबर से ही छह जिला अदालतों के वकील हड़ताल पर हैं। दिल्ली पुलिस के हजारों कर्मियों ने भी पांच नवंबर को पुलिस मुख्यालय के सामने 11 घंटे तक प्रदर्शन किया था। दिल्ली पुलिस का यह प्रदर्शन अभूतपूर्व था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Anil dev

Recommended News

Related News