मालदीव में भूखा-प्यासा भटका परिवार, अब ट्रेवल कंपनी पर लगा 7.38 लाख का जुर्माना
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 03:31 PM (IST)
नेशनल डेस्क। छुट्टियों का आनंद लेने के लिए लाखों रुपये खर्च कर मालदीव पहुंचा दिल्ली का एक परिवार उस समय संकट में पड़ गया जब होटल ने उनकी बुकिंग को ही फर्जी बता दिया। पीतमपुरा के कोहाट एन्क्लेव की रहने वाली नीलम कमल कुमार और उनके परिवार के साथ हुई इस धोखाधड़ी पर 'उत्तर जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग' ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने दोषी ट्रेवल कंपनी पर भारी जुर्माना लगाते हुए सेवा में गंभीर कमी की बात कही है।
जानें क्या है पूरा मामला?
अक्टूबर 2017 में नीलम ने अपने परिवार के 5 सदस्यों के साथ मालदीव की यात्रा के लिए 'एंटीलॉग वेकेशंस' (Antilog Vacations) कंपनी से टूर पैकेज बुक किया था। इस ग्रुप में उनके पति कैप्टन कमल कांत कुमार, उनके डॉक्टर बेटे, बेटी और बहू शामिल थे। परिवार ने होटल, भोजन और ट्रांसफर के लिए 1.18 लाख रुपये एडवांस दिए थे। 15 अक्टूबर 2017 को जब यह परिवार मालदीव के एयरपोर्ट पहुंचा तो उनके होश उड़ गए। होटल के प्रतिनिधियों ने साफ कह दिया कि कंपनी की ओर से कोई पैसा नहीं मिला है और कोई बुकिंग नहीं है। विदेशी जमीन पर परिवार घंटों तक भूखा-प्यासा भटकता रहा। ट्रेवल कंपनी को कई बार फोन करने के बाद भी कोई मदद नहीं मिली। अंततः परिवार को अपनी गरिमा बचाने के लिए 1780 अमेरिकी डॉलर (करीब 1.5 लाख रुपये) अपनी जेब से चुकाने पड़े।
यह भी पढ़ें: Japan Earthquake: 7.4 तीव्रता के भूकंप से कांपी जापान की धरती, डरे सहमे लोग घरों से भागे बाहर
ट्रेवल कंपनी को लगाई कड़ी फटकार
आयोग के अध्यक्ष दिव्य ज्योति जयपुरियार और सदस्य अश्विनी कुमार मेहता की पीठ ने ट्रेवल कंपनी को कड़ी फटकार लगाई। आयोग ने कहा कि एक उपभोक्ता सुरक्षित और तनावमुक्त यात्रा के लिए पैसा देता है लेकिन कंपनी ने परिवार को अपमान और मानसिक पीड़ा दी। कंपनी को 2.38 लाख रुपये 9% ब्याज के साथ लौटाने होंगे। मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक नुकसान के लिए 5 लाख रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया गया है। कुल मिलाकर कंपनी को करीब 7.38 लाख रुपये का भुगतान करना होगा।
