दिल्ली कांग्रेस को कल मिल सकता है अपना अध्यक्ष, इस नेता का नाम रेस में सबसे आगे

punjabkesari.in Thursday, Oct 10, 2019 - 03:10 PM (IST)

नई दिल्ली: शीला दीक्षित के निधन के बाद से दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष का पद खाली है। सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली कांग्रेस को उसका अध्यक्ष मिल सकता है। इस पोस्ट के लिए कई दावेदारों के नाम सामने आए हैं लेकिन रेस में जो नाम सबसे आगे है, वो पूर्व क्रिकेटर और पूर्वांचली नेता कीर्ति आजाद का है। कीर्ति के अलावा संदीप दीक्षित और जेपी अग्रवाल भी इस रेस में आगे चल रहे हैं। हालांकि दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष के नाम को लेकर कांग्रेस दो गुटों में बंटी हुई है। इसी गुटबाजी के चलते कीर्ति आजाद को रेस में सबसे आगे बताया जा रहा है।

 

कीर्ति बिहार के दरभंगा से दो बार सांसद भी रह चुके हैं। कीर्ति 1993 में गोल मार्केट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक रहे हैं। कीर्ति ने 1998 में उन्होंने शीला दीक्षित के खिलाफ गोल मार्केट से चुनाव भी लड़ा था लेकिन हार गए थे। इसी साल फरवरी में कीर्ति आजाद ने भाजपा छोड़ कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी और लोकसभा चुनाव लड़ा। हालांकि कीर्ति झारखंड की धनबाद सीट से चुनाव हार गए। कीर्ति के कांग्रेस दिल्ली के अध्यक्ष बनने के पीछे जो बड़ा कारण माना जा रहा है वो यह कि उनका पूर्वांचल वोट बैंक काफी मजबूत है।

 

इनके नाम भी चर्चा में
कीर्ति के अलावा दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष जेपी अग्रवाल का नाम भी रेस में है। जे पी अग्रवाल सोनिया गांधी के करीबी माने जाते हैं और साथ ही पुराने कांग्रेसी नेताओं में उनकी साख भी काफी अच्छी है। संदीप दीक्षित भी अध्यक्ष की कुर्सी के दावेदार हैं। संदीप दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे हैं और साथ ही पूर्वी दिल्ली से दो बार सांसद भी रह चुके हैं। इनके अलावा हारून यूसुफ, देवेंद्र यादव और राजेश लिलोथिया का नाम भी चर्चा में है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News